जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक आईसीयू (पीआईसीयू) में भर्ती 4 माह का अति गंभीर कुपोषित हुसैन रजा आखिरकार जिंदगी से जंग हार गया। 20 अक्टूबर को सुबह तकरीबन 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर मौत की वजह कुपोषण और निमोनिया ही बता रहे हैं।
.
उल्लेखनीय है कि जैतवारा क्षेत्र अंतर्गत मरवा निवासी आसमा बानो परिजन के साथ 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे हुसैन को लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी।
चाइल्ड ओपीडी में शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ संदीप द्विवेदी ने स्क्रीनिंग कर कुपोषित बच्चे को पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती कराया था। गंभीर कुपोषण से पीडि़त हुसैन रजा की मौत ने कुपोषण पर नियंत्रण को लेकर किए जा रहे तमाम दावों की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी है।
उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर में 19 अक्टूबर को खबर प्रकाशित होने के बाद शिशु स्वास्थ्य की डिप्टी डायरेक्टर और रीवा संभाग की अतिरिक्त स्वास्थ्य संचालक ने मामले को संज्ञान में लिया था।
^मामला संज्ञान में आने के बाद बच्चे को बचाने के हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। मामले की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया दोषी स्टाफ को नोटिस दिया गया है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -राजीव सिंह, डीपीओ