सीधी जिले की रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम चौगनहा में मंगलवार रात हुई तेज बारिश से किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से लगभग 8 एकड़ फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रा
.
अचानक हुई भारी वर्षा के कारण कई खेतों में धान की फसल पूरी तरह डूब गई। कुछ स्थानों पर कटाई के लिए तैयार धान पानी में गिरकर सड़ने लगी है। ग्राम चौगनहा निवासी जितेंद्र कुमार बैस ने बताया कि उनकी करीब 8 एकड़ में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। लगातार बारिश से धान की बालियां तक पानी में डूब गईं।
जितेंद्र बैस ने बताया कि उन्होंने खेती में काफी मेहनत और पैसा लगाया था, लेकिन अब सब कुछ बर्बाद हो गया है। गांव के अन्य किसानों ने भी बताया कि लगभग आधे खेतों में धान की फसल पकने को तैयार थी, जो बारिश और जलभराव के कारण भीगकर गिर गई है। खेतों में पानी भरे रहने से फसल के पूरी तरह सड़ने का खतरा बना हुआ है।

किसानों का कहना है कि उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला कलेक्टर और स्थानीय पटवारी से गांव का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर सहायता नहीं मिली, तो उनकी आगामी फसल की तैयारी पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।