मन्दसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में गेहूं के कम दाम और बोनस को लेकर किसानों में बढ़ते आक्रोश के बीच रविवार को कांग्रेस नेताओं ने खेतों में पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने किसानों से चर्चा की, उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी समस्याएं सुनीं। प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसौदिया ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गेहूं पर मात्र 40 रुपये बोनस देना किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने मांग की कि किसानों को गेहूं का न्यूनतम भाव 3000 रुपये प्रति क्विंटल और 200 से 300 रुपये तक बोनस दिया जाए। लागत से कम दाम, कर्ज में डूब रहा किसान
किसान कन्हैयालाल ररोतिया ने बताया कि उन्होंने 4 बीघा में गेहूं बोया है, लेकिन मंडी में 1800 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल ही दाम मिल रहा है। वहीं मजदूरी की लागत 4000 से 4500 रुपये प्रति बीघा तक पहुंच गई है। महंगे खाद, बीज और कीटनाशक के चलते खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है, जिससे किसान कर्ज के बोझ तले दब रहा है। ओलावृष्टि से बर्बाद फसल, मुआवजा अब तक नहीं
किसान विष्णु ररोतिया ने बताया कि पिछले माह हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, चना और अफीम की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा नुकसान का निरीक्षण किए जाने के बावजूद अब तक किसानों को कोई मुआवजा नहीं मिला है। “किसान सबसे ज्यादा परेशान” — अनिल शर्मा
मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में किसान सबसे अधिक परेशान है। उन्होंने कहा कि किसानों को उचित समर्थन मूल्य और बोनस मिलना चाहिए, इसके लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष लियाकत मेव ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को उचित भाव और मुआवजा नहीं मिला, तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। खेतों में प्रदर्शन, तख्तियों से जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और किसानों ने गेहूं के खेतों में हाथों में तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया। तख्तियों पर लिखा था “मुख्यमंत्री मोहन यादव जी शर्म करो, गेहूं पर 40 रुपये बोनस ऊंट के मुंह में जीरा है।” नेताओं ने किसानों को “अन्नदाता” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान मंडलम अध्यक्ष दिनेश गुप्ता काचरिया, कांग्रेस नेता भेरुपप्पू गुर्जर, अनिल मुलासिया, सेक्टर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शक्तावत, राहुल धनगर सहित कई किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link