रन फॉर यूनिटी में ढाई सौ से ज्यादा लोग दौड़े: हरदा में पूर्व मंत्री कमल पटेल भी शामिल हुए, एकता की शपथ ली – Harda News

रन फॉर यूनिटी में ढाई सौ से ज्यादा लोग दौड़े:  हरदा में पूर्व मंत्री कमल पटेल भी शामिल हुए, एकता की शपथ ली – Harda News


हरदा में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शहर में ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ का आयोजन किया गया। स्थानीय घंटाघर चौक से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा तक आयोजित दौड़ में करीब ढाई सौ से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्

.

दौड़ में पुलिस जवानों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्रीय एकता के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी कर सरदार पटेल के योगदान को नमन किया।

नेताओं ने पटेल की प्रतिमा का किया माल्यार्पण

कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व मंत्री कमल पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा और नगर मंडल अध्यक्ष नीतेश बादर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने शहर के घंटाघर चौक पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इस दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि “आज का यह दिन महान व्यक्तित्व वाले सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित है, जिन्होंने बिखरी रियासतों के भारत को एक सूत्र में पिरोया। वे सिर्फ भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री नहीं थे, बल्कि ‘भारत के लौह पुरुष’ के रूप में एकता के प्रतीक बने, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी।”

एसपी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना

एसपी शशांक ने ‘‘रन फॉर यूनिटी’’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सहभागी प्रतिभागियों ने नारायण टॉकीज चौक, अंबेडकर चौक, परशुराम चौक से होते हुए बड़ी सिंधी कॉलोनी मार्ग से उत्कृष्ट विद्यालय तक दौड़ लगाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली।

‘जब देश एकजुट रहेगा, तभी भारत श्रेष्ठ बनेगा’

इस अवसर पर एसपी शशांक ने कहा, “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ‘रन फॉर यूनिटी’ का उद्देश्य पुलिस बल के माध्यम से समाज में एकता और राष्ट्रीय भावना का संदेश देना है। जब देश के नागरिक एकजुट रहेंगे, तभी भारत श्रेष्ठ बनेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि “‘रन फॉर यूनिटी’ का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि भारत अपनी विविधताओं के बावजूद एक है। यह दौड़ देश की अखंडता, राष्ट्रीय समरसता और आपसी सौहार्द को सशक्त बनाने का प्रतीक बनेगी।”

दौड़ का समापन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के नारों के बीच हुआ। पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा।

देखिए तस्वीरें…



Source link