मऊगंज की श्रद्धा शुक्ला ने जीता राष्ट्रीय गोल्ड मेडल: सूरत में आयोजित कूडो कराटे प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन – Mauganj News

मऊगंज की श्रद्धा शुक्ला ने जीता राष्ट्रीय गोल्ड मेडल:  सूरत में आयोजित कूडो कराटे प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन – Mauganj News


मऊगंज जिले की श्रद्धा शुक्ला ने गुजरात के सूरत में आयोजित राष्ट्रीय कूडो कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। हनुमना तहसील के बराँव शुक्ला गांव निवासी श्रद्धा ने इस जीत से जिले का नाम रोशन किया है।

.

13 वर्षीय श्रद्धा साई पब्लिक स्कूल, शार्दापुरम, रीवा में सातवीं कक्षा की छात्रा हैं। उन्होंने कम उम्र में ही खेल के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

श्रद्धा के पिता प्रद्युम्न शुक्ला मऊगंज में पत्रकारिता से जुड़े हैं, जबकि उनके दादा बिहारी लाल शुक्ला सामाजिक कार्यों में सक्रिय और एक प्रतिष्ठित किसान हैं।

श्रद्धा को बचपन से ही खेलकूद और ड्राइंग में रुचि थी। उनकी इस रुचि को देखते हुए पिता ने उन्हें रीवा स्थित आयुष कराटे एकेडमी, सरदारपुरम में प्रशिक्षण दिलाया। कड़ी मेहनत के बाद, श्रद्धा ने पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और फिर इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीता।

राज्य स्तरीय जीत के बाद, श्रद्धा ने सूरत में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। देशभर के प्रतिभागियों के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जिससे मऊगंज जिले का गौरव बढ़ा।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद श्रद्धा शनिवार शाम रीवा रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने उनका स्वागत किया। रविवार को अपने गांव बराँव शुक्ला पहुंचने पर समाजसेवियों और ग्रामीणों ने भी उनका जोरदार अभिनंदन किया। पत्रकारों से बातचीत में श्रद्धा ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है।

श्रद्धा की इस सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता प्रद्युम्न शुक्ला ने बताया कि बेटी को बचपन से ही खेलकूद में गहरी रुचि थी और उसने अपनी मेहनत व अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।



Source link