विदिशा में सांसद खेल महोत्सव के भव्य आयोजन के पांच दिन बाद भी स्टेडियम में कचरा बिखरा पड़ा है। खाने के डिब्बे, पानी की बोतलें, पटाखों के पैकेट और सजावट का सामान मैदान में फैला हुआ है, जबकि खिलाड़ियों को इसी गंदगी के बीच अभ्यास करना पड़ रहा है।
.
30 अक्टूबर को हुए इस महोत्सव में केंद्रीय खेल मंत्री, क्रिकेटर कपिल देव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया था। भव्य आयोजन के बावजूद कार्यक्रम समाप्ति के बाद स्टेडियम की सफाई की जिम्मेदारी किसी ने नहीं संभाली।
खिलाड़ियों ने मिलकर की सफाई
स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से मैदान में कचरा फैला हुआ था। ट्रैक पर इतना कचरा था कि दौड़ना भी मुश्किल हो रहा था। खिलाड़ियों ने मिलकर दो ट्रॉली कचरा इकट्ठा किया। बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष कटारे ने कहा कि हम रोज स्टेडियम आते हैं। गंदगी देखकर हमने अपनी टीम और अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर सफाई का बीड़ा उठाया। इसमें छोटे बच्चे भी शामिल हुए।
सांसद खेल महोत्सव खत्म होने के बाद स्टेडियम का हाल।
खिलाड़ी जितेंद्र कुशवाहा ने बताया कि खेल महोत्सव की तैयारी 24 अक्टूबर से शुरू हुई थी, तब से ट्रैक पर सामान रखा गया था। कार्यक्रम के बाद सफाई की उम्मीद थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने पर भी मैदान की स्थिति जस की तस रही, जिससे अभ्यास में परेशानी हो रही थी।
साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका की थी
जिला पंचायत अधिकारी ओ.पी. सनोडिया ने बताया कि स्टेडियम की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई थी। कार्यक्रम के आयोजन के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां दी गई थीं, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप, खिलाड़ियों को खुद ही मैदान की सफाई करनी पड़ी।