बड़वानी जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में गुरुवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय यूनिट में दो मरीजों की डायलिसिस चल रही थी, जिन्हें अस्पताल स्टाफ ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
.
अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में आग बुझा दी गई। सिविल सर्जन डॉ. अनीता सिंगारे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और डायलिसिस यूनिट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए।
आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पायलट सचिन ऊँटवाल ने बताया कि टीम ने अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद की। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारी।
बिजली आपूर्ति रोकी
मध्य प्रदेश विद्युत बोर्ड (एमपीईबी) के अधिकारी जनक गंगराड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने एहतियातन बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करवा दी, ताकि आग और न फैले। अब तकनीकी टीम पूरे विद्युत सिस्टम की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
आग लगने की खबर से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि टीम ने पूरी मुस्तैदी से काम किया। आग की जानकारी मिलते ही मरीजों को सुरक्षित निकाला गया और अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया गया। सभी मरीज सुरक्षित हैं और डायलिसिस यूनिट की विद्युत व्यवस्था की तकनीकी जांच जारी है।
आगजनी की अन्य तस्वीरें…



