Last Updated:
IND vs PAK Hong Kong Sixes: हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत ने वर्षाबाधित मुकाबले में पाकिस्तान को दो रन से हराते हुए जीत से खाता खोला. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान के सामने 86 रन का लक्ष्य रखा. मगर बीच में ही बारिश ने आकर मुकाबले को रोक दिया.
नई दिल्ली: भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वि पाकिस्तान को हराते हुए हांगकांग सिक्सेस 2025 में अपने अभियान की शुरुआत जीत से की. मोंग कॉक स्टेडियम में शुक्रवार को बारिश से प्रभावित पूल सी के मुकाबले में भारत ने डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर पाकिस्तान को दो रन से हराया.
भारत ने बनाए 86 रन
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा और भरत चिपली ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई. उथप्पा ने मात्र 11 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाए जबकि चिपली ने 13 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन जोड़े. उनकी आक्रामक साझेदारी ने भारत की पारी की नींव रखी, लेकिन कप्तान दिनेश कार्तिक 17 रन बनाकर नाबाद रहे और भारत ने निर्धारित छह ओवरों में 4 विकेट पर 86 रन बना लिए.
D/L मैथड से मिली दो रन की जीत
जीत के लिए 87 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अच्छी शुरुआत की. स्कोर जब तीन ओवर के बाद एक विकेट पर 41 रन था, तभी बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा. मौसम में सुधार के कोई संकेत न दिखने पर मैच का फैसला डकवर्थ लुईस नियम के तहत हुआ, जिससे भारत को दो रन के मामूली अंतर से जीत नसीब हुई.
स्टुअर्ट बिन्नी के ओवर से पलटा मैच
मीडियम पेसर स्टुअर्ट बिन्नी ने भारत की पारी का दूसरा ओवर फेंका, जो टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. जहां उन्होंने सिर्फ सात रन देकर एक विकेट लेकर मैच को भारत के पक्ष में मोड़ने में अहम भूमिका निभाई. इस नतीजे ने पूल सी में दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली टीम के लिए सकारात्मक शुरुआत की, जिसमें कुवैत भी शामिल है. इस बीच अब्बास अफरीदी की पाकिस्तान अपनी पहली हार से जल्दी वापसी करना चाहेगी.
बेहद पुराना है हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट का इतिहास
1990 के दशक की शुरुआत में शुरू किया गया हांगकांग सिक्सेस अपने तेज-तर्रार फॉर्मेट के लिए मशहूर है. 1993 से 1997 तक आयोजित होने के बाद इसे 2001 और 2012 के बीच पुनर्जीवित किया गया. एक बार फिर एशिया के सबसे प्रतिष्ठित मिनी-फॉर्मेट में रोमांच और थ्रिल की उम्मीद है.
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया…और पढ़ें
फरवरी 2025 से नेटवर्क 18 समूह में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में एक दशक का अनुभव. बतौर रिपोर्टर कई नेशनल-इंटरनेशनल इवेंट के साक्षी. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से करियर की शुरुआत. जागरण न्यू मीडिया… और पढ़ें