Last Updated:
Sarsi Island Resort: मध्य प्रदेश बाणसागर के टापू में स्थित सरसी आइलैंड के नजारों की तुलना स्विटजरलैंड से की जाती है. अगर आप मालदीव जैसी प्राकृतिक सुंदरता का मजा भारत में ही लेना चाहते हैं, तो सरसी आइलैंड रिसॉर्ट आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है.
शहडोल जिले के बाणसागर डैम के बैकवाटर में बना यह खूबसूरत आइलैंड अपनी मनमोहक वादियों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यहां की सुंदरता की तुलना लोग स्विटजरलैंड से करते हैं.

विदेशी पर्यटकों को करता है आकर्षित
इको-सर्किट परियोजना के तहत विकसित, यह रिसॉर्ट न सिर्फ घरेलू बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है. यह बांधवगढ़ नेशनल पार्क और मैहर जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के करीब स्थित है, जिससे यात्रियों को प्रकृति और रोमांच का बेहतरीन संगम मिलता है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस रिसॉर्ट
सरसी आइलैंड रिसॉर्ट के मैनेजर अंकित उपाध्याय के अनुसार, पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां हर आधुनिक इंतजाम किए गए हैं. तीन बोट क्लब, जहां वाटर स्पोर्ट्स का रोमांचक अनुभव मिलेगा। 10 इको हट्स, जिनसे बाणसागर की प्राकृतिक सुंदरता का नजारा लिया जा सकता है. एक आकर्षक रेस्टोरेंट, जिम, लाइब्रेरी और बच्चों के लिए प्ले एरिया भी है. कॉर्पोरेट कार्यक्रमों के लिए कॉन्फ्रेंस रूम और रात के नज़ारों के लिए स्टार गेजिंग टेलीस्कोप की सुविधा भी दी गई है.

बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान
इस रिजॉर्ट की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है इसका बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के बेहद करीब होना. समृद्ध जैव विविधता और बाघों की घनी आबादी के लिए मशहूर यह राष्ट्रीय उद्यान भारत में टाइगर लवर्स के लिए सबसे बेहतरीन जगहों में से एक माना जाता है. यहाँ आप जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव ले सकते हैं.

तीर्थयात्रियों के लिए आकर्षण
रिजॉर्ट के पास ही स्थित मैहर एक ऐतिहासिक और धार्मिक शहर है, जो पहाड़ी की चोटी पर बसे मां शारदा देवी मंदिर के लिए प्रसिद्ध है. यह स्थान सालभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है और आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी केंद्र है.

कमरे का किराया
यहां कुल 10 कमरे हैं, जिन्हें एमपी टूरिज्म के पोर्टल www.mpstdc.com से ऑनलाइन बुक किया जा सकता है. डबल ऑक्यूपेंसी रूम का किराया ₹9,000 (जीएसटी सहित लगभग ₹10,620) है.

सिर्फ बोट या हेलिकॉप्टर से पहुंच
इस आइलैंड तक पहुंचने के लिए केवल मोटर बोट या हेलिकॉप्टर का विकल्प है. यहां हेलिपैड, स्वीमिंग पूल और किचन गार्डन जैसी सुविधाएं भी हैं. पर्यटक खुद ताजी सब्जियां तोड़कर भोजन बना सकते हैं। पूरा रिसॉर्ट सौर ऊर्जा से संचालित होता है और इसे इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि डैम पूरा भरने पर भी यह सुरक्षित रहे.

इन घाटों से पहुंचिए
सरसी आइलैंड पहुंचने के लिए तीन घाट हैं. इटमा घाट के रास्ते पहुंचने के लिए ब्यौहारी, बांधवगढ़ या उमरिया होकर जाना होगा. कटनी-मैहर मार्ग से मार्कंडेय घाट तक पहुंचा जा सकता है. अलग-अलग घाट का अलग किराया है. मार्कंडेय घाट का 5 सीटर बोट (ड्राइवर सहित) की सवारी 2,000 में मिलती है, यानी प्रति व्यक्ति लगभग 500 रुपए.

बुकिंग जानकारी, संपर्क
ऑनलाइन बुकिंग www.mpstdc.com संपर्क: 8698751908 अंकित उपाध्याय, मैनेजर ईमेल- sarsi@mpstdc.in पर संपर्क कर सकते हैं. अगर आप प्रकृति की गोद में लक्ज़री का अनुभव लेना चाहते हैं, तो मध्य प्रदेश का सरसी आइलैंड रिसॉर्ट आपका अगला हॉलिडे डेस्टिनेशन हो सकता है.