सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में रबी सीजन की फसलें बुवाई के बाद बर्बाद हो रही हैं। यहां के किसान गेहूं और चने की बुवाई कर चुके हैं, लेकिन अंकुरण के कुछ दिनों बाद ही उनकी फसलें अचानक नष्ट हो रही हैं। इस समस्या से प्रभावित किसान काफी परेशान हैं।
.
कई किसानों को अपनी फसलों की दोबारा बुवाई करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ब्रिजीशनगर क्षेत्र में यह समस्या बड़े पैमाने पर देखी जा रही है।
किसानों ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में गेहूं की बुवाई की थी। बुवाई से पहले बीज को अच्छी तरह से उपचारित भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अंकुरण के कुछ दिन बाद ही पूरी फसल बर्बाद हो गई।
किसानों का कहना है कि उन्हें फसल बर्बाद होने का कारण समझ नहीं आ रहा है। उनका आरोप है कि कृषि विभाग के अधिकारी और वैज्ञानिक खेतों का दौरा नहीं करते हैं, जिसके कारण उन्हें कृषि संबंधी सही जानकारी नहीं मिल पाती है।