भोपाल. मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है. इस दौरान राजस्थानी भोपाल सहित इंदौर और राजगढ़ जैसे जिलों में अति तीव्र शीतलहर का दौर देखा जा रहा है. यदि पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो प्रदेश के भोपाल, इंदौर और राजगढ़ के अलावा शहडोल जिले में भी तीव्र शीत लहर का प्रभाव देखा गया है. वहीं अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखी जा रही है. भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री तक कम रहा.
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार, वर्तमान समय में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में उत्तरी पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है. साथ ही एक ट्रफ भी अभी सक्रिय हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि शीत लहर से बचने के लिए सुबह के समय वॉक सूरज उगने के बाद ही करें. साथ ही ऊनी वस्त्रों का उपयोग भी बुजुर्गों और बच्चों के लिए बेहद जरूरी है.
मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. इसमें मुख्य रूप से भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में तीव्र शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. वहीं उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, देवास, छिंदवाड़ा, बैतूल, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और शहडोल जैसे जिलों में सेट लहर का अलर्ट जारी है.
तापमान का ताजा हाल
अधिकतम तापमान: गुना – 30.8°C, (सबसे ज्यादा), उज्जैन – 30.5°C, खजुराहो (छतरपुर) – 30.4°C, नर्मदापुरम – 29.8°C, खंडवा/दमोह – 29.5°C
न्यूनतम तापमान: कल्याणपुर (शहडोल) – 7.2°C (सबसे कम), राजगढ़ 7.6°C, इंदौर – 7.9°C, अमरकंटक (अनूपपुर) – 8.4°C, उमरिया – 8.5°C
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
उज्जैन – 30.5°C
ग्वालियर – 29.1°C
इंदौर – 28.6°C
भोपाल – 28.3°C
जबलपुर – 28°C