कलेक्टर अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
.
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहर में बने डिवाइडरों के दोनों ओर सोलर लैंप लगाए जाएं। इससे रात के समय डिवाइडर स्पष्ट रूप से दिखेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। साथ ही, सभी स्कूलों के सामने चेतावनी संकेतक और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने एनएचएआई द्वारा निर्मित भोपाल-सागर मार्ग पर गुलाबगंज मोड़ के पास सड़क किनारे बैठे सब्जी विक्रेताओं और गुमठियों को हटाने के निर्देश दिए। इन ठेलों और गुमठियों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करते हुए इन्हें सड़क किनारे से हटाने को कहा गया।
बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और जिले में सड़क हादसों की संख्या में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, एनएचएआई और नगर पालिका के अधिकारियों सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।