India vs South Africa: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका से भिड़ने के लिए तैयार है. 14 नवंबर को दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी. इसक बाद दूसरा मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच 1992 से अब तक 44 मैच हुए हैं और इस दौरान कई रिकॉर्ड बने हैं. कुछ ऐसे रिकॉर्ड हैं जिसके बारे में काफी कम लोग जानते हैं या उसे भूल गए हैं. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच एक ही टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक विकेट हासिल करने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम है.
अश्विन ने 2015 में रचा था इतिहास
अश्विन ही इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने इस टीम के खिलाफ एक ही टेस्ट सीरीज में 30 या इससे अधिक विकेट हासिल किए. यह कारनामा उन्होंने साल 2015 में किया था. साउथ अफ्रीकी टीम ने भारत के दौरे पर 4 टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेली, जिसमें अश्विन ने 164.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 11.12 की औसत के साथ 31 विकेट हासिल किए. इस दौरान अश्विन ने चार बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किए.इस दौरान उन्होंने कुल 345 रन दिए.
पहले टेस्ट में झटके थे 8 विकेट
सीरीज का पहला मैच मोहाली में खेला गया था. साउथ अफ्रीका की पहली पारी में अश्विन ने 24 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 51 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. अगली पारी में 14 ओवरों में 39 रन देकर 3 विकेट निकाले. भारत ने मुकाबला 108 रन से जीता.
ये भी पढ़ें: एशेज से पहले फंस गया ऑस्ट्रेलिया… पैट कमिंस के बाद एक और खूंखार बॉलर OUT, इस दिग्गज को भी लगी चोट
दूसरे टेस्ट में ऐसा था प्रदर्शन
दूसरा मुकाबला बेंगलुरु में आयोजित हुआ. साउथ अफ्रीकी टीम पहली पारी में 214 रन पर ऑलआउट हो गई. इस पारी में अश्विन ने 18 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 70 रन देकर 4 विकेट निकाले. भारतीय पारी में सिर्फ 22 ओवरों का ही खेल हो सका और बारिश के चलते मुकाबला ड्रॉ हो गया.
नागपुर में लिए 7 विकेट
नागपुर में सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया, जिसमें भारत ने 124 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली. साउथ अफ्रीका की पहली पारी महज 79 रन पर सिमट गई. इस पारी में कुल 33.1 ओवर फेंके गए, जिसमें 16.1 ओवर अश्विन ने गेंदबाजी की. इस दौरान उन्होंने महज 32 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में अश्विन ने 29.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 66 रन देकर 7 विकेट निकाले.
ये भी पढ़ें: खत्म होगा 15 साल का सूखा? ‘जंग’ के लिए तैयार अफ्रीकी बॉलर, टीम इंडिया को दी चेतावनी
दिल्ली में भी मचाया था कहर
दिल्ली में सीरीज का चौथा और अंतिम मुकाबला खेला गया. साउथ अफ्रीका की पहली पारी में 13.3 ओवर गेंदबाजी करते हुए अश्विन ने 26 रन देकर 2 विकेट निकाले. दूसरी पारी में उन्होंने 49.1 ओवर फेंके, जिसमें 61 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. टीम इंडिया ने मैच 337 रन से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की.