Renuka Thakur-Shafali Verma Visit Vaishno Devi Temple: पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट की दो स्टार खिलाड़ी रेणुका सिंह ठाकुर और शेफाली वर्मा शुक्रवार को माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंची. दोनों खिलाड़ियों ने मां से आशीर्वाद लिया. भवन क्षेत्र में उनके आगमन से माहौल उत्साह और श्रद्धा से भर गया।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर को पुणे में इतिहास रच दिया. फाइनल में उन्होंने साउथ अफ्रीका को मात दी और पहली बार वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया. भारत की बेटियों के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे देश में जश्न मनाया गया. वहीं बीसीसीआई ने इनाम के तौर पर खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात कर दी.
वैष्णो देवी मंदिर पहुंचीं रेणुका और शेफाली
वैष्णो देवी मंदिर में हाजरी लगाने के बाद रेणुका ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मैं वर्ल्ड कप से पहले भी यहां आई थी और माता से मांगा था कि अगर हम चैंपियन बने तो दोबारा आशीर्वाद लेने जरूर आऊंगी.
भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा का अहम योगदान रहा. दिलचस्प बात ये है कि शेफाली टीम का हिस्सा भी नहीं थीं और रिजर्व खिलाड़ियों में भी उनका नाम शामिल नहीं था. सेमीफाइनल से ठीक पहले ओपनर प्रतिका रावल फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गईं और उसके बाद अचानक शेफाली की किस्मत चमकी. फाइनल में शेफाली ने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन कर महफिल लूट ली. उन्होंने 87 रनों की अद्भुत पारी खेली, साथ ही मुश्किल हालात में गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए. शेफाली को महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया.