15 छक्के और 144 रन… 32 गेंद में शतक से वैभव सूर्यवंशी ने मचाया बवंडर, गेंदबाजों की निकाल दी हवा

15 छक्के और 144 रन… 32 गेंद में शतक से वैभव सूर्यवंशी ने मचाया बवंडर, गेंदबाजों की निकाल दी हवा


Vaibhav Suryavanshi Century: 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (14 नवंबर) को दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई के खिलाफ भारत ए के पहले मैच में धमाल मचा दिया. राजस्थान रॉयल्स के इस स्टार खिलाड़ी ने दोहा में शतक जड़कर गेंदबाजों की हवा निकाल दी. वैभव ने यह शतक सिर्फ 32 गेंदों में लगाया. वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 क्रिकेट में अपना दूसरा शतक जड़कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने 2025 में राजस्थान के लिए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आईपीएल में 35 गेंदों में शतक जड़ा. तब आईपीएल में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बना था.

वैभव ने 342.86 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन

वैभव ने 42 गेंदों में 144 रन की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और 15 छक्के निकले. वैभव ने 342.86 की स्ट्राइक रेट से रन ठोके. शुक्रवार को वैभव द्वारा लगाया गया 32 गेंदों में शतक पुरुष टी-20 क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया संयुक्त तीसरा सबसे तेज शतक है. उनके पास क्रिस गेल के सर्वकालिक टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड 175 रनों को तोड़ने का मौका था. यह युवा बाएं हाथ का बल्लेबाज 13वें ओवर में डीप कवर में कैच आउट हो गया. ऑफ स्पिनर मुहम्मद फराज़ुद्दीन ने उनका बड़ा विकेट हासिल किया.

Add Zee News as a Preferred Source


आउट होने पर निराश थे वैभव

वैभव यूएई के गेंदबाजों की गेदों को मैदान के हर कोने में भेज रहे थे. एक समय तो गेंदबाजी इतनी थकी हुई लग रही थी कि इस युवा बल्लेबाजी सुपरस्टार के हमले से बचने के लिए उन्हें वाइड गेंदें फेंकनी पड़ीं. वैभव आउट होने के बाद निराश थे, क्योंकि उनको अच्छी तरह पता था कि उन्होंने इतिहास रचने का मौका गंवा दिया है. वैभव जिस गति से खेल रहे थे, उससे यह युवा बल्लेबाज टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाला पहला बल्लेबाज बनने की कगार पर था.

ये भी पढ़ें: ​IPL 2026: कोलकाता नाइटराइडर्स में हुई महान बॉलर की एंट्री, शाहरुख खान की टीम ने सौंप दी बड़ी जिम्मेदारी

भारत की ओर से सबसे तेज टी20 शतक

28 गेंद: उर्विल पटेल – गुजरात बनाम त्रिपुरा, 2024
28 गेंद: अभिषेक शर्मा – सौराष्ट्र में पंजाब बनाम मेघालय, 2024
32 गेंद: ऋषभ पंत – दिल्ली बनाम हिमाचल प्रदेश, 2018
32 गेंद: वैभव सूर्यवंशी – भारत ए बनाम यूएई,  2025

प्रियांश, जितेश जैसे स्टार रह गए पीछे

वैभव ने 15 छक्के और 11 चौके लगाकर प्रियांश आर्य, कप्तान जितेश शर्मा और नेहल वढेरा जैसे अपने साथियों को पीछे छोड़ दिया. बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने अपने आप में एक अलग ही मुकाम हासिल किया. उन्होंने यूएई के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं, जिनके इस भारतीय बल्लेबाजी सनसनी को रोकने का कोई अंदाजा नहीं था. यह टी20 क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी था.

ये भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड किया ध्वस्त, 6 साल बाद भारत में हुआ ये बड़ा कारनामा

टी20 में भारतीय बल्लेबाजों का सबसे बड़ा स्कोर

तिलक वर्मा – 151 (67 गेंदें) हैदराबाद बनाम मेघालय, 2024
श्रेयस अय्यर – 147 (55 गेंदें) मुंबई बनाम सिक्किम, 2019
पुनीत बिष्ट – 145 (51 गेंदें) मेघालय बनाम मिज़ोरम, 2021
वैभव सूर्यवंशी – 144 (42 गेंदें) भारत ए बनाम यूएई, 2025



Source link