आगर मालवा में शादी भोज खाने से 67 लोग बीमार: 20 अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य टीम ने किया उपचार; प्रशासन ने जांच के लिए लिया सैंपल – Agar Malwa News

आगर मालवा में शादी भोज खाने से 67 लोग बीमार:  20 अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य टीम ने किया उपचार; प्रशासन ने जांच के लिए लिया सैंपल – Agar Malwa News


आगर मालवा में नलखेड़ा जनपद के ग्राम धरोला में शनिवार रात एक शादी समारोह के भोज के बाद 67 लोग बीमार पड़ गए। भोज के बाद से ही ग्रामीणों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द होने लगी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई।

.

सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल नलखेड़ा की कॉम्बैट टीम तुरंत ग्राम धरोला पहुंची। स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर ही 47 लोगों का प्राथमिक उपचार किया, जिसमें उन्हें दवाइयां और लिक्विड फुड दिया गया। लगभग 20 मरीजों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल नलखेड़ा भेजा गया, जहां उन्हें भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।

खाने के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा

घटना की जानकारी मिलने पर खाद्य और औषधि विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। अधिकारियों ने शादी समारोह में परोसे गए खाने के विभिन्न सैंपल एकत्र किए और उन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया। प्रारंभिक अनुमान है कि यह खाद्य विषाक्तता का मामला हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

रातभर गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के सहयोग से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। प्रशासन ने लोगों से ऐसी किसी भी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने की अपील की है ताकि समय पर उपचार मिल सके।

इस घटना से शादी समारोह की खुशियां भले ही फीकी पड़ गई हों, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी प्रभावित मरीज अब सुरक्षित हैं और चिकित्सकों की लगातार निगरानी में हैं।



Source link