मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स के पार्ट-1 में आपने पढ़ा कि 13 जुलाई 2018 को भोपाल के मिसरोद की पॉश कॉलोनी फॉरच्यून सिटी में मीडिया और पुलिस का जमावड़ा हो गया था। दरअसल, इस कॉलोनी के फ्लैट नंबर 503 में रहने वाली मॉडल को एक सिरफिरे युवक रोहित सिंह रीगल ने ब
.
पुलिस ने युवती को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसे कैंची मारकर लहूलुहान कर दिया। युवती को बंधक बने 12 घंटे बीत चुके थे। पुलिस को कोई रास्ता सूझ नहीं रहा था। इधर युवक हर वक्त नई डिमांड कर रहा था। उसने एक स्टांप पेपर बुलाया जिसपर युवती के माता पिता के साइन लिए। ये दोनों की शादी का कबूलनामा था। जिसे उसने मीडिया को दिया।
इसके बाद क्या हुआ? क्या उसने युवती को छोड़ दिया और वह कौन था। युवती से कैसे मिला था। ये जानने के लिए क्राइम फाइल्स पार्ट-2
रोहित ने 12 घंटे तक दिशा को फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था।
रोहित ने खेला ‘विक्टिम कार्ड’ पुलिस रोहित की हर बात मान रही थी क्योंकि वह दिशा( बदला नाम) को टॉर्चर कर रहा था। वह कभी खिड़की पर आकर विक्ट्री साइन दिखाता तो कभी मीडिया से बात करने की जिद करता। कमरे के अंदर से दिशा की चीखें सुनाई दे रही थीं। पुलिस ने पांचवीं मंजिल तक पहुंचने के लिए क्रेन का सहारा लिया, लेकिन जैसे ही कोई अंदर घुसने की कोशिश करता, रोहित दिशा को जान से मारने की धमकी देने लगता।
उसने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उसने उल्टे पुलिस पर ही मारपीट का आरोप लगाया। वीडियो में कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, चारों तरफ खून के धब्बे थे और दिशा बिस्तर पर लगभग बेहोश पड़ी थी। रोहित वीडियो में कह रहा था- ‘हैलो दोस्तों, मैं रोहित रीगल सिंह, अलीगढ़ का रहने वाला हूं। ये दिशा है भोपाल से… हम दोनों दोस्त थे और अच्छे प्यार करने वालों के नाम की निशानी।
उसके घरवालों को पता चला तो उसका परिणाम देख लो। ये (दिशा को दिखाते हुए) जो कुछ किया है पुलिस ने किया है, थाना इंचार्ज के कहने पर पुलिसवालों ने लाठी-डंडे, चाकू-छूरी सब बरसाए। हम बच्चों को मारा, मेरी टांग फट गई, लड़की की गर्दन में मारा। देखो चारों तरफ खून बिखरा है। इस समय मैं भोपाल में हूं, पुलिस ने हम दोनों बच्चों को चारों तरफ से घेरकर रखा है।’
उसने दिशा की कुछ निजी तस्वीरें भी मीडियाकर्मियों को भेज दीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। उसकी मांग थी कि अलीगढ़ से उसके पिता को बुलाया जाए और उसकी शादी दिशा से कराई जाए। उसे डर था कि बाहर निकलने के बाद दिशा अपने बयान से पलट सकती है, इसीलिए उसने स्टांप पेपर पर शादी का राजीनामा लिखवाने की मांग की और उसे टीवी पर लाइव दिखाने की शर्त रखी।

दिशा को बंधक बनाए जाने के बाद वह इशारों से बता रहा था कि उसे बंधकर बनाकर कितने घंटे हो चुके हैं।
13 घंटे बाद खुला कमरे का दरवाजा
घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस उसकी मांग मानने पर मजबूर हो गई। स्टांप पेपर लाया गया और दिशा से जबरन उस पर हस्ताक्षर करवाए गए। उस पर लिखा था- मैं रोहित सिंह उर्फ रीगल सिंह से शादी करना चाहती हूं। हम लोग एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते। हम लोग एक दूसरे को दो साल से जानते हैं। हम लोग मुंबई में मॉडलिंग करते हैं। बस मैं इतना कहना चाहती हूं कि हमारी शादी नहीं हुई तो हम जी नहीं पाएंगे।
इस राजीनामे को जब टीवी चैनलों पर लाइव दिखाया गया, तब जाकर रोहित को भरोसा हुआ। शाम को उसने फ्लैट का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही जो मंजर सामने आया, वह दिल दहला देने वाला था। दिशा खून से लथपथ थी और बेहद डरी हुई थी। पुलिस ने फौरन रोहित को अपनी हिरासत में ले लिया और दिशा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुंबई से दिशा और रोहित की दोस्ती की शुरुआत
भोपाल की रहने वाली दिशा की आंखों में मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाने का सपना था। एमटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने सपनों को पंख देने के लिए मायानगरी मुंबई पहुंची। वहीं, अलीगढ़ का रहने वाला रोहित सिंह रीगल भी एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने के लिए संघर्ष कर रहा था।
मार्च 2017 में दोनों की मुलाकात हुई। मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और जुलाई आते-आते वे अच्छे दोस्त बन गए। मगर, रोहित के दिल में कुछ और ही चल रहा था। वह इस दोस्ती को एकतरफा प्यार समझ बैठा और दिशा के साथ अपनी पूरी जिंदगी बिताने के ख्वाब बुनने लगा।

रोहित की सनक का एहसास तो दूरी बनाई दिशा उसकी इस दीवानगी से अनजान थी। धीरे-धीरे रोहित का प्यार जुनून में बदलने लगा। नवंबर 2017 तक दिशा को रोहित की सनक और अजीब हरकतों का एहसास होने लगा। उसे यह समझते देर नहीं लगी कि रोहित का मिजाज सामान्य नहीं है। यह जानने के बाद दिशा ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
दिशा का दूर जाना रोहित को बर्दाश्त नहीं हुआ। एकतरफा प्यार में पागल रोहित उसे परेशान करने लगा। उसकी हरकतें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही थीं। तंग आकर दिशा ने फरवरी 2018 में मुंबई छोड़ दिया और भोपाल में अपने परिवार के पास वापस आ गई। उसके परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन थी। पिता बीएसएनएल से सेवानिवृत्त अधिकारी थे।

जब सनक ने किया भोपाल तक पीछा दिशा को लगा था कि भोपाल आकर वह रोहित की सनक से बच जाएगी, लेकिन वह गलत थी। रोहित उसका पीछा करते हुए भोपाल आ धमका। यहां आकर वह दिशा पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। उसने भोजपुर मंदिर ले जाकर दिशा के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा, जिसे दिशा ने साफ तौर पर ठुकरा दिया। इनकार से तिलमिलाए रोहित की हरकतें और खतरनाक हो गईं।
फरवरी 2018 के आखिरी हफ्ते में वह जबरन दिशा के घर में घुस गया, उसके साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। जब कॉलोनी के लोग इकट्ठा हुए तो वह वहां से भाग निकला। इस घटना के बाद दिशा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर रोहित को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया गया।

कानूनी शिकंजा और अंजाम 13 घंटे तक चले इस लाइव ड्रामे का अंत हो चुका था। पुलिस ने रोहित के पास से एक देसी कट्टा, कैंची, एक पेनड्राइव और कुछ तस्वीरें बरामद कीं। 14 जुलाई को मिसरोद थाने में आरोपी रोहित सिंह रीगल के खिलाफ आईपीसी की धारा 452 (घर में जबरन घुसना), 307 (हत्या का प्रयास), 342 (गलत तरीके से बंधक बनाना), 506 (जान से मारने की धमकी) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
मामला अदालत पहुंचा, जहां 14 लोगों ने रोहित के खिलाफ गवाही दी। चार साल तक चली सुनवाई के बाद 29 अक्टूबर 2022 को भोपाल जिला अदालत ने रोहित सिंह को दोषी करार देते हुए उसे 3 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। एक जुनून और एकतरफा प्यार की इस कहानी का अंत सलाखों के पीछे हुआ, लेकिन यह घटना आज भी भोपाल के लोगों के जेहन में एक खौफनाक याद बनकर ताजा है।
मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स सीरीज की इस कड़ी का पार्ट-1 भी पढ़ें…
कट्टा लेकर मॉडल के बेडरूम में घुसा सनकी आशिक, स्टांप पेपर पर लिखवाया- मैं तुझसे प्यार करती हूं

मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में आज बात 7 साल पुराने एक ऐसे हाई वोल्टेज ड्रामे की, जिसने 13 घंटे तक पूरे देश की सांसें अटका दी थीं। एमपी की राजधानी भोपाल में एक सिरफिरे आशिक ने पॉश अपार्टमेंट में मॉडल को बंधक बनाकर रखा। उसकी बात परिवार और पुलिस ने नहीं मानी तो मॉडल को कैंची से लहूलुहान किया। फिर स्टाम्प पेपर पर दुनिया के सामने शादी की। पढ़ें पूरी खबर…