ग्वालियर की झांसी रोड पुलिस ने लापता हुए 11 साल के छात्र को कुछ ही घंटों में ढूंढ लिया। बच्चा घर में एक्वेरियम का कांच टूटने पर डांट से डरकर बिना बताए निकल गया था। पुलिस ने CCTV फुटेज देखकर उसकी तलाश की और उसे 600 मीटर दूर दोस्त के घर से सकुशल बरामद
.
11 साल का छात्र हुआ लापता
ग्वालियर के झांसी रोड इलाके में शुक्रवार को 11 साल का एक छात्र अचानक घर से गायब हो गया। परिजन घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत खोज शुरू कर दी।
डरकर दोस्त के घर पहुंच गया
परिजनों ने बताया कि बच्चा घर में खेल रहा था, तभी एक्वेरियम का कांच टूट गया। इस पर मां और बड़े भाई ने उसे डांट दिया और चांटा भी मार दिया। बच्चा डर गया और बिना बताए घर से निकल गया। वह करीब 600 मीटर दूर अपने दोस्त के घर पहुंच गया था। उसके दोस्त और उनके परिवार को भी यह नहीं पता था कि बच्चा लापता है।
पुलिस को CCTV से मिला सुराग
थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और उनकी निगरानी में पुलिस टीम ने आसपास के CCTV कैमरे खंगालना शुरू किया। फुटेज में बच्चा कई जगह चलता हुआ दिखाई दिया। सुराग के आधार पर पुलिस बच्चे के दोस्त के मोहल्ले पहुंची, जहां वह बाहर खेल रहा था।
पुलिस ने बच्चे को उसके घर पहुंचाया। बच्चे को देखकर परिजन रो पड़े और सभी ने राहत की सांस ली।
थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने कहा कि बच्चों से गलती होने पर उन्हें प्यार से समझाना चाहिए। ज्यादा डांट या मार से बच्चे डर जाते हैं और घर छोड़ने जैसा कदम उठा सकते हैं।