खरगोन एंबुलेंस में शराब तस्करी मामला: ड्राइवर सहित तीन आरोपी बड़वानी से गिरफ्तार, जेल भेजे गए – Khargone News

खरगोन एंबुलेंस में शराब तस्करी मामला:  ड्राइवर सहित तीन आरोपी बड़वानी से गिरफ्तार, जेल भेजे गए – Khargone News


खरगोन में एंबुलेंस से 2.82 लाख रुपए की 52 पेटी शराब मिलने के मामले में पुलिस ने ड्राइवर सहित बड़वानी जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई छह दिन पहले सामने आए मामले में की गई है।

.

गिरफ्तार आरोपियों में ड्राइवर तारासिंह, भाईदास और सतीश शामिल हैं। ये तीनों बड़वानी जिले के धनोरा चाचरिया के निवासी हैं। भीकनगांव कोर्ट ने इन सभी को जेल भेज दिया है।

यह मामला तब सामने आया जब 108 एंबुलेंस (CG04NW2385) मंडलेश्वर क्षेत्र में तैनात होने के बावजूद जिला मुख्यालय के कॉल पर एक निश्चित पॉइंट पर पहुंचने के बजाय 130 किलोमीटर दूर वनक्षेत्र हेलापड़ावा पहुंच गई।

हेलापड़ावा चौकी क्षेत्र में ड्राइवर पुलिस बेरिकेड्स तोड़कर वाहन को लगभग 200 मीटर दूर छोड़कर भापसी के जंगल में भाग गया था। पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली, जिसमें 52 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में 35 पेटी गोवा व्हिस्की, 15 पेटी बीयर और 2 पेटी बॉम्बे व्हिस्की शामिल थी। इसकी कुल कीमत 2.82 लाख रुपये आंकी गई है।

इस घटना के बाद मध्य प्रदेश 108 एंबुलेंस सेवा के सीनियर मैनेजर तरुण सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने स्टाफ, जय अम्बे एजेंसी का वेंडर खत्म कर दिया है, साथ ही पायलट, जिला अधिकारी और असिस्टेंट कॉल सेंटर मैनेजर को भी पद से हटा दिया है।



Source link