IND vs SA 2nd Test: भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शनिवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए गुवाहाटी के मैदान पर उतरते के साथ ही इतिहास रच दिया है. इस टेस्ट मैच में शुभमन गिल के स्थान पर ऋषभ पंत को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई है. ऋषभ पंत भारत के 38वें टेस्ट कप्तान बन गए हैं. महेंद्र सिंह धोनी के बाद ऋषभ पंत दूसरे ऐसे विकेटकीपर हैं, जो भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं.
93 साल में पहली बार हुआ ऐसा
ऋषभ पंत पहली बार भारतीय टीम की टेस्ट फॉर्मेट में कप्तानी कर रहे हैं. बता दें कि शुभमन गिल गर्दन की इसी चोट की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हैं. 1932 से लेकर अभी तक भारतीय क्रिकेट के टेस्ट इतिहास में केवल दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब किसी विकेटकीपर बल्लेबाज ने टीम इंडिया की टेस्ट कप्तानी संभाली है. ऋषभ पंत 93 साल में टेस्ट क्रिकेट में भारत की कप्तानी करने वाले दूसरे डेजिग्नेटेड विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.
गुवाहाटी के मैदान पर उतरते ही ऋषभ पंत ने रचा इतिहास
पिछले 93 सालों में, जब से भारत ने 1932 में अपना पहला टेस्ट खेला है, कुल 38 खिलाड़ियों ने भारत की कप्तानी की है, लेकिन ऋषभ पंत महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत की कप्तानी करने वाले दूसरे डेजिग्नेटेड विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में ऋषभ पंत से पहले सिर्फ 34 डेजिग्नेटेड विकेटकीपर बल्लेबाज ऐसे रहे हैं, जिन्हें अपनी नेशनल टीम की कप्तानी करने का मौका मिला है.
कप्तानी का रिकॉर्ड
महेंद्र सिंह धोनी के नाम कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है. महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 से 2014 तक कुल 60 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की और उनमें से 27 मैचों में जीत हासिल की. ऋषभ पंत, जिन्होंने शनिवार को भारत के लिए अपनी टेस्ट कप्तानी का डेब्यू किया है, इससे पहले उन्होंने पांच T20I मैचों में भारत की कप्तानी की है. ऋषभ पंत ने 9 जून 2022 को दिल्ली में साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I में कप्तानी की थी. भारत के T20I टीम के कप्तान के तौर पर, ऋषभ पंत ने दो मैच जीते हैं और दो हारे हैं.