छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के कटारा गांव में शनिवार दोपहर एक 26 वर्षीय महिला करंट की चपेट में आने से बेहोश हो गई। उसे इलाज के लिए पहले झमटुली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला का इलाज जारी है।
.
जानकारी के अनुसार, कटारा गांव निवासी मानकुमार (पति प्रभु दयाल पटेल), उम्र 26 वर्ष, अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर उनके बाएं हाथ पर गिर गया, जिससे उन्हें करंट लगा और वे बेहोश हो गईं। आसपास मौजूद परिजनों ने डंडे की मदद से बिजली का तार हटाया।
घटना के बाद गांव के सरपंच ने कई बार एम्बुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने 200 रुपए में एक टैक्सी किराए पर ली और महिला को इलाज के लिए झमटुली अस्पताल पहुंचाया।
झमटुली अस्पताल में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने के लिए भी एम्बुलेंस को दोबारा बुलाया गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हुई। मजबूरन, परिजनों ने 1500 रुपए में एक निजी वाहन किराए पर लिया और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. राजकुमार अवस्थी ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
महिला के पति प्रभुदयाल पटेल ने बताया कि उनकी पत्नी को घर में झाड़ू लगाते समय करंट लगा था। उन्होंने एम्बुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। कुल 1700 रुपए खर्च कर निजी वाहन से पत्नी को जिला अस्पताल लाया गया।