Prithvi Shaw: 26 नवंबर से शुरू होने जा रहे सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट से पहले महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (MCA) ने बड़ा फैसला लिया है. टीम ने युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को नया कप्तान बनाने का फैसला किया है. इससे पहले कप्तानी की जिम्मेदारी रुतुराज गायकवाड़ को दी गई थी, लेकिन वह भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में चुने जाने के कारण उपलब्ध नहीं रहेंगे. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जैसे ही ऋतुराज की टीम इंडिया में 2 साल बाद वापसी हुई वैसे ही पृथ्वी शॉ की किस्मत चमक गई.
दरअसल, दो दिन पहले MCA ने रुतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाकर 16 खिलाड़ियों की टीम घोषित की थी. चूंकि अब रुतुराज अब भारत की वनडे टीम के साथ रहेंगे, इसलिए उन्हें घरेलू टी20 में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिलेगा. MCA ने फिलहाल उपकप्तान घोषित नहीं किया था, ऐसे में स्थिति देखते हुए पृथ्वी शॉ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपा जाना तय है. इसकी आधिकारिक घोषणा 24 नवंबर को की जाएगी, यानी महाराष्ट्र अपने पहले मैच से सिर्फ दो दिन पहले नया कप्तान पाएगा.
पृथ्वी शॉ के लिए बड़ा मौका
रिपोर्ट्स के मुताबिक महाराष्ट्र के चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने शॉ को जरूरत पड़ने पर कप्तानी संभालने के बारे में पहले ही बता दिया था. उन्हें कप्तानी की भूमिका के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई थी. महाराष्ट्र से जुड़ने के बाद पृथ्वी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. मौजूदा घरेलू सीजन में उन्होंने 7 पारियों में 470 रन बनाए हैं, उनका औसत 67.14 रहा है. जिसमें 3 फिफ्टी और एक दोहरा शतक है. आईपीएल 2024 की नीलामी में अनसोल्ड रहने वाले शॉ के लिए महाराष्ट्र की कप्तानी मिलना करियर में वापसी का अच्छा मौका साबित हो सकती है.
महाराष्ट्र किस ग्रुप में है?
सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में महाराष्ट्र टीम ग्रुप-B में है, जहां उसे 7 टीमों से मुकाबला करना होगा. इनमें जम्मू-कश्मीर, हैदराबाद, चंडीगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गोवा शामिल हैं. टीम के सभी लीग मैच कोलकाता में खेले जाएंगे.
सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के लिए महाराष्ट्र की टीम
ऋतुराज गायकवाड़, निखिल नाइक, पृथ्वी शॉ, राहुल त्रिपाठी, रामकृष्ण घोष, राजवर्धन हंगरगेकर, जलज सक्सेना, अजीम काज़ी, अर्शिन कुलकर्णी, मुकेश चौधरी, विक्की ओस्तवाल, प्रशांत सोलंकी, मंदार भंडारी, योगेश डोंगरे, रणजीत निकम, तनय संघवी
ये भी पढ़ें: IND vs SA: वनडे में शुभमन और अय्यर की जगह कौन खेलेगा? साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऐसी होगी भारत की प्लेइंग-11!