IND vs SA: विराट कोहली के बल्ले से शतकीय स्ट्राइक देखने को मिल रही है. हर एक मैच के बाद विराट कोहली 100 शतकों के सचिन के महारिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं. पिछले मैच में रांची में कोहली ने बल्ले से हल्ला बोला था और अब रायपुर में शतक ठोक तहलका मचा डाला है. अब कोहली के शतकों का आंकड़ा 84 तक पहुंच चुका है. रायपुर में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला लेकिन कोहली ने खूंटा गाड़कर अफ्रीका का दिन में तारे दिखा दिए. ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर कोहली ने अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर पिटाई की.
रांची में भी छाए थे कोहली
विराट कोहली रांची में भी साउथ अफ्रीका को इसी अंदाज में कूटते दिखे थे. उन्होंने महज 120 गेंद में 7 छक्के और 11 चौकों की बदौलत 135 रन की धांसू पारी खेली थी. कोहली की इस पारी की बदौलत भारत ने उस मुकाबले को 17 रन से जीत लिया था. अब विराट ने वही अंदाज रायपुर में भी दिखाया है और 90 गेंद में शतक पूरा किया. विराट और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच हुई पार्टनरशिप ने अफ्रीका की कमर तोड़कर रख दी.
ऋतुराज की धमाकेदार पारी
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी थी. शुरुआत शानदार थी क्योंकि रोहित और यशस्वी बल्ले से कुछ खास करने में कामयाब नहीं हुए. रोहित ने 14 रन बनाए जबकि यशस्वी 22 रन बनाकर आउट हो गए. एक छोर से विराट कोहली ने खूंटा गाड़ा. दूसरी तरफ से ऋतुराज का धमाल जारी था. गायकवाड़ ने 83 गेंद में 105 रन की पारी खेली जिसमें 12 चौके और 2 छक्के देखने को मिले. गायकवाड़ के वनडे करियर का पहला शतक था. हालांकि, वह विराट के साथ 200 रन की पार्टनरशिप से चूक गए.