Last Updated:
Team India Announced for t20 series against South Africa: भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 दिसंबर से खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. भारतीय टीम में एक ओर जहां हार्दिक पंड्या की वापसी हुई है वहीं दूसरी ओर युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं मिली है. टीम इंडिया की सिलेक्शन की 5 बड़ी बातें ये हैं.
बीसीसीआई ने 9 दिसंबर से शुरू हो रही दक्षिण अफ्रीका के साथ आगामी पांच मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम में कुछ बड़े बदलाव हुए हैं, जिसमें ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इस साल की शुरुआत में एशिया कप में भारत के विजयी अभियान के दौरान लगी चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी कर रहे हैं.

टीम में उप-कप्तान शुभमन गिल भी शामिल हैं, जो बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लियरेंस के अधीन उपलब्ध होंगे. पिछले महीने कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगने के बाद गिल बेंगलुरु में रिहैब से गुजर रहे हैं. गिल की फिटनेस पर निर्भर करेगा कि वो प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे या नहीं. लेकिन उन्हें टीम में जगह मिली है. गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे. वह गर्दन की चोट के कारण गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट और मौजूदा एकदिवसीय सीरीज में नहीं खेल पाए.

टीम इंडिया में नए फिनिशर के तौर पर देखे जा रहे रिंकू सिंह को टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है. रिंकू इस समय पूरी तरह फिट हैं और उन्होंने हाल में घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए शतक भी ठोका था. उनका टीम में चयन नहीं होना सभी को खल रहा है. लोग परेशान हैं कि रिंकू को किस आधार पर टीम से बाहर किया गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज से बाहर रखा गया है.जायसवाल इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहे हैं. बाएं हाथ के इस ओपनर का टीम में टी20 टीम में जगह नहीं मिलना समझ से परे है. 23 साल के जायसवाल ने श्रीलंका के खिलाफ साल 2024 में अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था.

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में जगह नहीं मिली है. सिराज ने अपना अखिरी वनडे मैच 30 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले में खेला था. इसके बाद से टी20 टीम में उनकी जगह नहीं बन रही है.

ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं. पंड्या को एशिया कप के दौरान चोट लग गई थी. एशिया कप 2025 फाइनल और ऑस्ट्रेलिया में पांच मैच की सीरीज में नहीं खेलने वाले पंड्या ने भी मंगलवार को हैदराबाद में पंजाब के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैच के दौरान अपनी फिटनेस साबित करने के बाद भारतीय टीम में वापसी की.

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैच की टी20 श्रृंखला नौ दिसंबर से कटक में शुरू होगी. इसके लिए टीम का चयन करने के लिए बुधवार को चयन समिति की बैठक हुई. सूर्यकुमार यादव भारत के नियमित टी20 कप्तान हैं.<strong> टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय स्क्वॉड:</strong> सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर.