हरपालपुर में ओवरलोड ट्रक हाइट गेज में फंसा: रेलवे ट्रैक पर लंबा जाम, बाईपास बनाने की मांग – Chhatarpur (MP) News

हरपालपुर में ओवरलोड ट्रक हाइट गेज में फंसा:  रेलवे ट्रैक पर लंबा जाम, बाईपास बनाने की मांग – Chhatarpur (MP) News



छतरपुर के हरपालपुर में रेलवे ट्रैक के पास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यह समस्या मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित हरपालपुर में उत्पन्न होती है, जहां से उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले भारी और ओवरलोड ट्रक गुजरते हैं।

.

इस जाम के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं, जिससे उनका बहुमूल्य समय बर्बाद होता है।

गुरुवार देर रात इस समस्या से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में रेलवे ट्रैक के पास बने हाइट गेज (बैरिकेड) में एक ओवरलोड ट्रक फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके चलते सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

वीडियो में यह भी दिख रहा है कि एक व्यक्ति ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल और रस्सी को खींचने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान रेलवे की पटरी भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

क्षेत्रीय लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक के ऊपर से 33000 वोल्टेज की बिजली लाइन गुजर रही है। ट्रक पर चढ़े व्यक्ति के बिजली की चपेट में आने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

इसके अतिरिक्त, रेलवे लाइन पर किसी भी समय ट्रेन आ सकती है, जिससे एक और गंभीर दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन को इस गंभीर समस्या की जानकारी होने के बावजूद भी अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।

स्थानीय निवासियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर के बाहर एक बाईपास सड़क के निर्माण की मांग की। उनका कहना है कि बाजार के भीतर सिंगल रोड होने के कारण क्रॉसिंग के दौरान अक्सर बड़े वाहन फंस जाते हैं, जिससे जाम लगता है।

इस संबंध में रेलवे विभाग के पीआरओ मनोज सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।



Source link