सीहोर के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम के पास भिखारियों को नकली नोट देकर उनसे असली चिल्लर और नोट ठगने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने तीन भिखारियों के साथ लगभग 8 से 10 हजार रुपए की ठगी कर दी। यह घटना मंडी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
.
जानकारी के अनुसार, सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम के आसपास बड़ी संख्या में भिखारी भिक्षा मांगकर अपना जीवन यापन करते हैं। इन्हीं में से कुछ भिखारियों के साथ यह धोखाधड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति नकली नोट देकर उनसे हजारों रुपए की चिल्लर लेकर फरार हो गए।
हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन, इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है।