बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
.
थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा ने सोडियम सल्फेट का सेवन किया था। जानकारी के अनुसार, छात्रा को यह पता चला था कि उसके कुछ परिचितों ने स्कूल के ही एक छात्र को उससे बातचीत करने पर डांटा था। इस बात से आहत होकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
स्कूल स्टाफ ने तत्काल छात्रा को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
टीआई कुमरे ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में छात्रा के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या अन्य अपराध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। बालिका द्वारा खाए गए पदार्थ की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।