भारत के युवा ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने रविवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट में हरियाणा के खिलाफ खेले गए एक टी20 मैच में 48 गेंद पर शतक ठोक दिया. यशस्वी जायसवाल ने 50 गेंद पर 101 रन की विस्फोटक पारी खेली. यशस्वी जायसवाल ने 202 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए एक छक्का और 16 चौके लगाए. यशस्वी जायसवाल ने अपनी इस तूफानी पारी के दम पर भारतीय टी20 टीम में जगह के लिए दावा ठोका है.
जायसवाल ने टी20 टीम में जगह के लिए ठोका दावा
यशस्वी जायसवाल ने शुभमन गिल की मुश्किल बढ़ा दी है. यशस्वी जायसवाल का शतक शुभमन गिल की भारतीय टी20 टीम में जगह को खतरे में डाल सकता है. पुणे के डीवाई पाटिल एकेडमी में खेले गए मुकाबले में हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए थे. मुंबई को जीत के लिए 235 रन का विशाल लक्ष्य मिला था. जायसवाल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से न सिर्फ इस लक्ष्य को बौना साबित किया बल्कि अपनी टीम को 15 गेंद पहले 4 विकेट से जीत दिला दी.
यशस्वी जायसवाल ने उड़ाया गर्दा
पारी की शुरुआत करने उतरे यशस्वी जायसवाल ने 50 गेंद पर 16 चौके और 1 छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली. इस दौरान 23 गेंद पर उन्होंने अर्धशतक और 48 गेंद पर शतक लगाया. जायसवाल को सरफराज खान का अच्छा साथ मिला. सरफराज ने भी तूफानी बल्लेबाजी की और मात्र 25 गेंद पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए. दोनों के बीच 37 गेंद पर 88 रन की तूफानी साझेदारी हुई.
शुभमन गिल की बढ़ी परेशानी
यशस्वी जायसवाल के इस शतक से सबसे ज्यादा परेशानी भारतीय टी20 टीम के कप्तान शुभमन गिल की बढ़ी है. यशस्वी जायसवाल एक समय टी20 टीम का हिस्सा थे और बतौर ओपनर खेला करते थे. उनका प्रदर्शन भी अच्छा रहा है. शुभमन गिल की बतौर ओपनर टी20 टीम में एंट्री के बाद से ही जायसवाल अच्छे रिकॉर्ड के बाद भी इस फॉर्मेट से बाहर हैं.
गिल को सैमसन से भी खतरा
वहीं, शुभमन गिल पिछले 15 टी20 मैचों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं. ऐसे में जायसवाल के शतक ने उन पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव बढ़ा दिया है. गिल की खराब फॉर्म जारी रही, तो उन्हें टी20 में अपनी जगह गंवानी पड़ सकती है. जायसवाल के अलावा गिल को सैमसन से भी खतरा है. बतौर ओपनर टी20 में 3 शतक लगाकर भी गिल की वजह से सैमसन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पा रहे हैं.