शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे में गुरुवार शाम मोती सागर तालाब में एक वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान वीरपुर निवासी राधेलाल पाल के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे।
.
शव मिलने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजन बलवीर पाल ने बताया कि राधेलाल पाल कुछ समय से पिछोर में रहकर बच्चों की पढ़ाई की देखरेख कर रहे थे। वे 16 तारीख की रात लगभग 3 बजे घर से निकले थे और उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आशंका जताई है कि वे शौच के लिए तालाब की ओर गए होंगे, जहां पैर फिसलने से तालाब में गिर गए और डूबने से उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।