Last Updated:
MP Police News: मध्य प्रदेश के डीजीपी ने नए साल 2026 को देखते हुए सभी जिलों के एसपी को सख्त निर्देश दिए हैं. ऑपरेशन सिंदूर व पहलगाम घटना के मद्देनजर मंदिर-मॉल पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाने को कहा. जानें पुलिस की प्लानिंग…
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
Bhopal News: नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मध्य प्रदेश डीजीपी कैलाश मकवाणा ने समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के सफल संचालन और हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई सांप्रदायिक घटना को ध्यान में रखते हुए, डीजीपी ने मंदिरों, मॉल, बाजार, होटल, रिसॉर्ट और पिकनिक स्पॉट्स पर भारी भीड़ की संभावना के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया है.
डीजीपी मकवाणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसपी से कहा, “नए साल के उत्सव में किसी भी प्रकार का हंगामा, तोड़फोड़ या बवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे तत्वों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई हो.” उन्होंने विशेष रूप से मंदिरों की सुरक्षा पर जोर दिया, जहां नए साल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद है. ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के अनुभव को साझा करते हुए डीजीपी ने कहा, ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए इंटेलिजेंस तंत्र को सतर्क रखा जाए. पहलगाम घटना को भी ध्यान में रखना है. मध्य प्रदेश में किसी भी प्रकार के उकसावे को रोका जाए.
ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष निर्देश
नए साल के जश्न के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार ड्राइविंग, छेड़खानी और महिलाओं के साथ अभद्रता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं. डीजीपी ने स्पष्ट कहा, “नशे में ड्राइविंग करने वालों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. ट्रैफिक पुलिस को सड़कों पर विशेष गश्त बढ़ाने और वाहन चेकिंग अभियान चलाने का आदेश है.” इसके अलावा, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी निगरानी सख्त की जाए और ड्रोन का उपयोग भी किया जाए.
राज्य स्तर पर 2026 के स्वागत को देखते हुए पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित करने और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखने के निर्देश हैं. डीजीपी ने जोर दिया कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाए, लेकिन आम नागरिकों को जश्न मनाने की पूरी स्वतंत्रता हो. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में विशेष टीम गठित की गई हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें