Sourav Ganguly Pretoria Capitals: भारत के महान कप्तान सौरव गांगुली ने हाल ही में कोचिंग करियर की शुरुआत की है. वह साउथ अफ्रीका की टी20 लीग एसए20 (SA20) में प्रिटोरिया कैपिटल्स के कोच बने हैं. उनके लिए यह अब तक काफी कठिन रहा है. गांगुली ने आईपीएल में डायरेक्टर और मेंटर की भूमिका निभाई है, लेकिन कोचिंग में पहली बार उतरे हैं. उनकी टीम एसए20 लीग के शुरुआती दो मुकाबलों में हार गई है. उसे पहले जोबर्ग सुपरकिंग्स और सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ हार गई है.
डिकॉक ने खेली तूफानी पारी
प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स इस्टर्न कैप के बीच सोमवार को ग्केबेरहा में मुकाबला खेला गया. सनराइजर्स इस्टर्न केप ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ने क्विंटन डिकॉक और मैथ्यू ब्रिट्ज्के की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए. डिकॉक ने 47 गेंद पर 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 77 रन बनाए. मैथ्यू ब्रिट्ज्के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे. उन्होंने 33 गेंद पर 1 छक्का और 7 चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली.
ये भी पढ़ें: 2025 में भारत का आखिरी मैच आज… कैसे-कहां देख पाएंगे मुकाबला? एक क्लिक में जान लें सबकुछ
डिकॉक-ब्रिट्ज्के के बीच शतकीय साझेदारी
डिकॉक और ब्रिट्ज्के के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई. इसी साझेदारी की बदौलत टीम 188 तक पहुंच पाई. जॉर्डन हरमन ने भी 20 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 37 रन बनाए. प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए टाइमल मिल्स ने 2 विकेट लिए. लुंगी एंगिडी, विहान लुबे और ब्रायस पार्संस ने 1-1 विकेट लिए.
ये भी पढ़ें: 2025 की बेस्ट टेस्ट प्लेइंग-11! स्टीव स्मिथ OUT, तेम्बा बावुमा कप्तान, भारत के 3 खिलाड़ी सेलेक्ट
प्रिटोरिया के बल्लेबाज बुरी तरह फेल
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रिटोरिया को पहला झटका ब्रायस पार्संस के रूप में 3 के स्कोर पर लगा. वह 1 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद विल स्मीड और शाई होप ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका. पूरी टीम 18 ओवर में 140 रन पर सिमट गई और 48 रन से मैच हार गई. विल स्मीड ने 27 गेंद पर 35 और होप ने 19 गेंद पर 36 रन बनाए. टीम के 7 बल्लेबाज 2 अंकों में नहीं जा सके. सनराइजर्स के लिए एडम मिल्ने ने 4, थारिंदु रथ्नायके ने 2, जबकि मार्को जानसेन, सेनुरन मुथुसामी और लेविस ग्रेगोरी ने 1-1 विकेट लिए. डिकॉक प्लेयर ऑफ द मैच रहे.