Virat Kohli in Vijay Hazare Trophy: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने करोड़ों फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है. पहले ये खबर थी कि कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में सिर्फ दो मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे. उन्होंने दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया. पहले मैच में 131 रनों की पारी खेली और दूसरे मुकाबले में 77 रन बनाए. अब बड़ी खबर ये है कि विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से पहले दिल्ली के लिए एक और मैच खेलने विजय हजारे ट्रॉफी में उतरेंगे.
इस बात पर मुहर लग चुकी है कि विराट कोहली 6 जनवरी को रेलवे के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मैच के लिए उपलब्ध हैं. इसके साथ ही फैंस की पुरानी यादें ताजा हो गई हैं, जब इसी टीम के खिलाफ कोहली 11 महीने पहले रणजी ट्रॉफी मैच में उतरे थे. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हजारों फैंस उन्हें देखने के लिए मौजूद थे. हालांकि, सभी का दिल चकनाचूर हो गया क्योंकि कोहली पहली पारी में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए थे. दूसरी इनिंग में उन्हें बैटिंग करने का मौका ही नहीं मिला था.
रणजी मैच में हुई थी बेइज्जती!
30 जनवरी से 01 फरवरी तक हुए उस रणजी मैच में दिल्ली ने रेलवे को एक पारी और 19 रन से धूल चटाई थी. हालांकि, नतीजे से ज्यादा सुर्खियां विराट कोहली ने बटोरी थी, जो सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए थे. रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया था और अरुण जेटली स्टेडियम में सन्नाटा छा गया था.
लाल गेंद से विराट कोहली का आखिरी मैच
किसे पता था कि दिल्ली बनाम रेलवे रणजी मैच विराट कोहली का लाल गेंद की क्रिकेट से आखिरी मुकाबला साबित होगा. जी हां, इससे पहले वो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बुरी तरह फ्लॉप हुए थे. रणजी मैच में भी फेल होने के बाद उनके टेस्ट करियर पर सवाल उठाए जा रहे थे. फिर 12 मई 2025 को उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट से करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया. विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का बड़ा ऐलान किया.
रेलवे से बदला लेने उतरेंगे कोहली
विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर बदला लेने के लिए माहिर माने जाते हैं. वो पुरानी बातों को जल्दी भूलते नहीं हैं. जब 6 जनवरी 2026 को वो विजय हजारे ट्रॉफी खेलने उतरेंगे तो उनके दिमाग में 31 जनवरी की वो दर्द देने वाली यादें जरूर होगी, जब हिमांशु सांगवान ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया था. हालांकि, इस टूर्नामेंट में सांगवान रेलवे की टीम में शामिल नहीं हैं, लेकिन विराट कोहली उनका गुस्सा दूसरे गेंदबाजों पर निकालने की पूरी कोशिश करेंगे.