Last Updated:
Anuppur News: अनूपपुर के ‘हरद’ खदान जलभराव में दो दिन से अज्ञात महिला ‘राम-राम’ जाप कर तैर रही है. पुलिस बाहर निकालने का प्रयास कर रही, पर वह गायब हो जा रही है. एसडीआरएफ को बुलाया गया है. जानें पूरा माजरा…
Anuppur News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कुछ अजीब हो रहा है. यहां एक महिला दो दिन से तालाब में तैरती दिख रही है. वो बाहर निकलती है, राम-राम कहती है और फिर तालाब में गायब हो जाती है. यह सिलसिला दो दिन से चल रहा है. भीषण ठंड के बीच यह दृश्य ग्रामीणों को चमत्कार और डरावना दोनों लग रहा है.
एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र में बंद पड़ी ‘हरद’ ओपन कास्ट खदान परियोजना के जलभराव वाले तालाब में ये महिला रहस्यमयी ढंग से तैर रही है. महिला भगवान का स्मरण करती है, लेकिन जैसे ही बचाव दल या पुलिस नजदीक पहुंचती है, वह पानी के अंदर गायब हो जाती है. कई घंटों बाद फिर उभरती है, जिससे बचाव कार्य जटिल हो गया है.
पहली बार 29 दिसंबर को दिखी
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि महिला को पहली बार 29 दिसंबर को देखा गया था. वह तालाब के मध्य में तैर रही थी, लेकिन कोई डूबने का संकेत नहीं दे रही. वह राम-राम नाम लेते हुए मुस्कुराती है, फिर गायब हो जाती है. यह भगवान की लीला लगती है. सूचना मिलते ही थाना भालूमाड़ा के प्रभारी विपुल शुक्ला ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर महिला को बाहर निकालने का प्रयास किया. लेकिन, महिला ने पुलिस को देखते ही ‘राम-राम’ का जाप तेज कर दिया और फिर पानी में डुबकी लगा ली.
महिला की पहचान नहीं हो सकी…
थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया, “दो दिन से यह महिला जलभराव क्षेत्र में विचरण कर रही है. हमने जिला प्रशासन से एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम बुलाई है. ड्रोन और डाइवर्स की मदद से निरंतर निगरानी और बचाव प्रयास जारी है. महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर कदम उठा रहे हैं.” एसईसीएल अधिकारियों ने भी कहा कि ‘हरद’ खदान 2018 से बंद पड़ी है. जलभराव क्षेत्र में अवैध घुसपैठ रोकने के लिए फेंसिंग की मांग की जा रही है.
वीडियो वायरल
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जहां लाखों व्यूज मिल चुके हैं. कुछ लोग इसे चमत्कार बता रहे हैं, तो कुछ मानसिक स्वास्थ्य समस्या का मामला. प्रशासन ने ग्रामीणों को तालाब के पास न जाने की हिदायत दी है. नव वर्ष की पूर्व संध्या पर यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें