इंदौर के भागीरथपुरा में गंदे पानी से हुई 17 मौतों के बाद अब कांग्रेस 11 जनवरी को न्याय यात्रा निकालने जा रही है। इसको लेकर कांग्रेस ने इंदौर में बैठकें लेना शुरू कर दी है। शहर के बाद ग्रामीण कांग्रेस की बैठक भी हो चुकी है।
.
कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार इस न्याय यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस यात्रा के साथ ही राहुल गांधी भागीरथपुरा में जाकर पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इंदौर के भागीरथपुरा में हुए घटनाक्रम और कांग्रेस की आगामी न्याय यात्रा को लेकर दैनिक भास्कर से कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने खास बातचीत में यह जानकारी साझा की है।
पढ़िए दैनिक भास्कर से सज्जन सिंह वर्मा की खास बातचीत… सवाल- 11 जनवरी को कांग्रेस प्रदर्शन करेगी, कोई बड़ा नेता आ रहा है? जवाब- राहुल गांधी के आने की पूरी संभावना है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी उन्हें पूरी रिपोर्ट दे रहे हैं, उनसे लगातार चर्चा कर रहे हैं। राहुल गांधी की पूरी कोशिश है कि वह इस बड़े प्रदर्शन में शामिल हों।
सवाल- 11 जनवरी को होने वाले प्रदर्शन का क्या स्वरूप रहेगा? जवाब- 11 जनवरी को कांग्रेस रैली निकालेगी। इस रैली का नाम हमनें न्याय यात्रा रखा है। इसके लिए हम लगातार तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस की लगातार बैठकें चल रही हैं।
सवाल- कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बीजेपी श्रेय की राजनीति कर रही है? जवाब- श्रेय की राजनीति के अलावा इन्होंने कुछ नहीं किया। जब जनता का दबाब पड़ा तब मोहन यादव ने कमिश्नर को हटाया है। महापौर, कमिश्नर और जल कार्य विभाग के अधिकारी पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए। कैलाश कहता है कि 5 रात में सोया नहीं हूं तो क्या भैया झाड़ू लगा रहा था सोया नहीं तो। क्या आज वहां स्वच्छ पानी मिल रहा है। तुम गए तो वहां तुमने कौन सा तीर मार लिया, आज भी वहां पर गंदा पानी मिल रहा है।
सवाल- भागीरथपुरा में हुए घटनाक्रम का जिम्मेदार कौन है? जवाब- भागीरथपुरा मात्र एक जगह है जहां पर लोगों की नजर चली गई है, आप यदि अलग-अलग उठा कर देखें तो ऐसे 50 मोहल्ले हैं जहां पर इस तरह का दूषित पानी आ रहा है। भागीरथपुरा में वह श्रमिक लोग रहते हैं जिन्होंने इस इंदौर को गढ़ा है बनाया है। एक कद्दावर नेता वहां का विधायक उसी विभाग का मंत्री, नगर निगम का महापौर बीजेपी का ऐसे वार्ड में ऐसी घटना होती है, पानी की जगह जहर पिलाया जाता है, 17 लोगों मर गए हैं, 25-30 लोग सीरियस हैं। इंदौर इस घटना से शर्मसार है, मां अहिल्या की नगरी को इन्होंने कलंकित किया है। बीजेपी के लोग पीड़ित लोगों को डरा रहे हैं। नरेंद्र मोदी जैसे लोग वाचाल हैं कुवाचाल हैं। मन की बात करते हैं लेकिन एक शब्द भी इस घटना पर नहीं बोल सकें।
सवाल- कांग्रेस की भी इस घटना में जवाबदेही बनती है। क्या कांग्रेस के पूर्व पार्षद और पार्षद प्रत्याशी को इस बात की जानकारी नहीं थी लोग गंदा पानी पी रहे हैं? जवाब- देखिए 7 महीने पहले टेंडर हुआ, हमारी नगर निगम तो बरसों से नहीं है। मान लीजिए की कांग्रेस का विधायक हो और सीएम मोहन यादव बीजेपी के हैं, लेकिन क्या सीएम हमारे कांग्रेस के विधायक की सुनते हैं? नहीं सुनते हैं। यहां तो ट्रिपल इंजन की सरकार है। नगर निगम में महापौर, सांसद, विधायक और मंत्री सब इनके, कांग्रेस की गलती कहां से और कैसे ढूढेंगे। कई सालों से नगर निगम में कांग्रेस की सरकार नहीं है।
सवाल- कांग्रेस अब क्या तैयारी कर रही है? जवाब- हम फिर से भागीरथपुरा जाएंगे, मैं पिछले दिनों जब गया था तो एक परिवार से मिला था, उन्होंने बताया कि उनकी मां की मौत जहरीले पानी से हुई है। हम फिर से जाएंगे और एक रिपोर्ट बनाकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सीएम मोहन यादव को देंगे। मोहन यादव को रिपोर्ट देकर कहेंगे कि इनको न्याय दिलाओ, मप्र के मुखिया हो अगर न्याय नहीं करोगे तो जनता इस बार कुर्सी सहित उखाड़ कर फेंक देगी।
सवाल- किस दिन आएंगे राहुल गांधी? जवाब- 11 जनवरी को राहुल गांधी के आने की संभावना है। इसी दिन हम न्याय आंदोलन कर रहे हैं। हमारी तैयारी पूरी है। राहुल गांधी को प्रोग्राम बनाकर भेज दिया गया है।
सवाल- दिग्विजय सिंह अब तक इस मामले में कहीं नजर नहीं आए? जवाब- दिग्विजय सिंह के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अन्य जिलों में बने हुए हैं। इस समय वह सीहोर में पदयात्रा कर रहे हैं। बहुत जल्दी ही वह यहां पर आएंगे। निश्चित रूप से उन्हें आना चाहिए था, बहुत संवेदनशील घटना है, दूसरे कार्यक्रम बाद में भी कर सकते हैं। उन्हें आ जाना चाहिए था।