श्योपुर में कच्ची शराब के खिलाफ महिलाओं का चक्काजाम: वार्ड 17 की आदिवासी महिलाओं ने पाली रोड पर प्रदर्शन किया – Sheopur News

श्योपुर में कच्ची शराब के खिलाफ महिलाओं का चक्काजाम:  वार्ड 17 की आदिवासी महिलाओं ने पाली रोड पर प्रदर्शन किया – Sheopur News


श्योपुर के वार्ड क्रमांक 17 की आदिवासी महिलाओं ने बुधवार को कच्ची शराब की बिक्री के विरोध में पाली रोड पर चक्काजाम कर दिया। माधप मंडप के सामने हुए इस प्रदर्शन के कारण करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में कच्ची शराब की

.

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उनकी बस्ती में लंबे समय से कच्ची शराब बेची जा रही है, जिससे उनके परिवार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। घरों में रोज़ाना झगड़े, मारपीट और आर्थिक तंगी बढ़ रही है। महिलाओं का आरोप है कि कम उम्र के बच्चे भी शराब के आदी होते जा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार थाने और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद शराब बेचने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

महिलाओं ने बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे श्योपुर–पाली हाईवे को जाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं से समझाइश की।

पुलिस ने महिलाओं को शराब बेचने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन महिलाएं तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं। काफी देर तक बातचीत के बाद, पुलिस ने शराब बेचने वाले के घर दबिश देने की बात कही। इसके बाद महिलाओं ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कथित शराब विक्रेताओं के घरों पर दबिश दी, हालांकि मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला।

पुलिस ने बताया कि जिन लोगों पर कच्ची शराब बेचने का आरोप है, उनके परिजनों को सूचित कर संबंधित व्यक्तियों को थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link