BCCI vs BCB vs ICC: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब एक महीने का समय बाकी है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) एक बड़े विवाद में फंस गया है. वह भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव में घिर गया है. बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के बाद आईपीएल की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स में से मुस्तफिजूर रहमान को निकालने की मांग तेज हो गई. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने फिर रहमान को टूर्नामेंट से बाहर करने के निर्देश दे दिए. कोलकाता स्थित फ्रेंचाइजी ने उसकी बात मान ली और उसने टीम से मुस्तफिजूर को हटा दिया.
बांग्लादेश ने बढ़ाया तनाव
इसके बाद बांग्लादेश ने नाराज होकर अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी. साथ ही उसने टी20 वर्ल्ड कप में अपने मैचों को भारत से बाहर रखने की मांग कर डाली. श्रीलंका टूर्नामेंट में सह-मेजबान है और वहां पहले से ही पाकिस्तान के सभी मैच तय है. बांग्लादेश भी अब कुछ ऐसा ही चाहता है. हालांकि, आईसीसी ने उसकी इस मांग को अभी दरकिनार कर दिया है. अब अगर बांग्लादेश भारत में अपने मैच नहीं खेलता है तो उसे हारा हुआ घोषित करके उसके पॉइंट्स काट लिए जाएंगे. ऐसे में बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर भी हो सकता है. हम आपको यहां उन विकल्पों के बारे में बता रहे हैं जो अब आईसीसी के पास बचे हैं…
समीकरण 1: बीच का रास्ता
सबसे अच्छा समाधान यह है कि आईसीसी बांग्लादेश से बातचीत करके कोई बीच का रास्ता निकाल ले. उसे कोलकाता में अपने तीन मैच खेलने में हैं. मुंबई उसका एक मुकाबला होना है. बांग्लादेश को भविष्य को लेकर कोई आश्वासन देकर इस मामले को सुलाझाए. यह क्रिकेट के लिहाज से सबसे बेहतर स्थिति होगी.
ये भी पढ़ें: ‘देश की कीमत पर कोई क्रिकेट नहीं…’ बांग्लादेश नहीं मान रहा ICC की बात, अब बनाया नया प्लान
समीकरण 2: बांग्लादेश के अंक काटे
अगर आईसीसी के मैच को शिफ्ट नहीं करता है तो बांग्लादेश अपने मुकाबलों को लेकर भारत जाने से इनकार कर सकता है. इस स्थिति में बांग्लादेशी टीम को हार माननी होगी और विपक्षी टीम को अंक मिल जाएंगे. नियमों के अनुसार, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली और नेपाल को बिना खेले ही विजेता घोषित कर दिया जाएगा और अंक दिए जाएंगे, जबकि बांग्लादेश का अभियान खत्म घोषित कर दिया जाएगा.
समीकरण 3: 20 की जगह 19 टीमों के साथ टूर्नामेंट
अगर बांग्लादेश पूरी तरह से टूर्नामेंट से हट जाता है तो मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी. इस परिस्थिति में आईसीसी को 20 की जगह 19 टीमों के साथ ही आगे बढ़ना होगा. ग्रुप सी में सिर्फ नेपाल, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और इटली की टीमें रह जाएंगी.
ये भी पढ़ें: Arjun Tendulkar-Saaniya Wedding: कब होगी अर्जुन तेंदुलकर-सानिया की शादी? होली में सचिन के घर मचेगी धूम
समीकरण 4: बांग्लादेश की जगह रिप्लेसमेंट का ऐलान
टी20 वर्ल्ड कप के लिए कोई तय बैकअप टीम नहीं है. अगर बांग्लादेश हट जाता है, तो आईसीसी खुद ही एक रिप्लेसमेंट चुनेगा. स्कॉटलैंड सबसे मजबूत एसोसिएट टीमों में से एक है और उन्होंने पहले भी वर्ल्ड कप टीम को रिप्लेस किया है. 2009 में जिम्बाब्वे के हटने के बाद स्कॉटलैंड ने जगह ली थी, लेकिन 2026 के क्वालिफिकेशन नतीजों ने फैसले को और भी मुश्किल बना दिया है.
यूरोप रीजनल फाइनल में नीदरलैंड और इटली ने क्वालिफाई किया और जर्सी स्कॉटलैंड से ऊपर रही. अगर आईसीसी प्रतिष्ठा के बजाय क्वालिफिकेशन नतीजों का सख्ती से पालन करता है, तो जर्सी को चुना जा सकता है. दूसरी टीमों के क्षेत्रों पर भी विचार किया जा सकता है, लेकिन आईसीसी शायद ऐसी टीम को पसंद करेगा जो ट्रैवल या शेड्यूलिंग की समस्या पैदा किए बिना टूर्नामेंट में शामिल हो सके.