Last Updated:
Lungi Ngidi hat trick: साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने एसए टी20 लीग में लगातार तीन गेंद में तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी. एनगिडी इस लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने हैं. उनके इस घातक गेंदबाजी के कारण है प्रिटोरिया कैपिटल्स ने रोमांचक जीत हासिल की.
नई दिल्ली: SA20 के 16वें मैच में प्रिटोरिया कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने हैट्रिक लेकर कोहराम मचा दिया. एनगिडी एसए टी20 लीग में हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने हैं. प्रिटोरिया कैपिटल्स के इस तेज गेंदबाज ने अपने स्पेल की आखिरी ओवर में यह उपलब्धि हासिल की. एनगिडी ने अपने हैट्रिक को पूरा करने के लिए सबसे पहले डेविज वीजा को आउट किया. इसके बाद उनका अगला शिकार सुनील नरेन बने और फिर गेराल्ड कोएट्जी को आउट कर उन्होंने अपना तीसरा विकेट हासिल कर हैट्रिक पूरी की.
हाल ही में चोट से वापसी करने वाले लुंगी एनगिडी ने डरबन सुपरजायंट्स के खिलाफ मुकाबले में अपने चार ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट झटके. उनकी इस घातक गेंदबाजी के कारण ही प्रिटोरिया ने रोमांचक मुकाबले में 15 रन से जीत हासिल की. डरबन की टीम 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.4 ओवर में 186 रन बनाकर सिमट गई. डरबन की तरफ से सबसे ज्यादा जोस बटरल ने 52 गेंद में 97 रनों की पारी खेली.
प्रिटोरिया के लिए शाई होप भी चमके
लुंगी एनगिडी के अलावा प्रिटोरिया के लिए मैच में शाई होप ने भी कमाल किया. टीम के लिए होप ने 69 गेंद में 118 रनों की बेहतरीन पारी खेली. अपनी इस नाबाद शतकीय पारी में शाई होप ने 9 चौके और इतने ही छक्के लगाए. उनकी इस शतकीय पारी के बदलौत ही प्रिटोरिया की टीम निर्धारित 20 ओवर के खेल में 4 विकेट के नुकसान पर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. शाई होप को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
बल्लेबाजी में शाई होप के अलावा प्रिटोरिया के लिए और कोई भी खिलाड़ी असरदार नहीं रहे. टीम के लिए कॉनर एस्टरहुइजेन ने पारी की शुरुआत करते हुए 28 गेंद में 37 रनों की पारी खेली. इसके अलावा रोस्टन चेज ने 24 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 12 रनों का योगदान दिया. वहीं गेंदबाजी में डरबन की तरफ से क्वेना मफाका, डेविड वीजा और गेराल्ड कोएट्जी ने एक-एक विकेट लिया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें