Last Updated:
Tamim Iqbal on India Bangladesh T20 World Cup Controversy: पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से अपील की है कि अगले महीने भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप में टीम की भागीदारी के बारे में फैसला लोगों की भावनाओं से प्रभावित नहीं हों क्योंकि ऐसे किसी भी निर्णय का असर अगले 10 साल तक पड़ सकता है.
नई दिल्ली: बांग्लादेश ने सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप के लिए सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत का दौरा करने में हिचकिचाहट दिखाई है और अपने मैच सह-मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की है. अब इस मामले में पूर्व कप्तान तमीम इकबाल की प्रतिक्रिया सामने आई है. तमीम ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सोच-समझकर फैसला लेने को कहा है. पूरा मामला तब भड़का जब, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के बीच बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था.
तमीम इकबाल ने ‘क्रिकबज’ से कहा, ‘स्थिति फिलहाल थोड़ी गंभीर है और अभी अचानक कोई बयान देना मुश्किल है, लेकिन यह ध्यान में रखना चाहिए कि अगर सब मिलकर काम करें तो कई समस्याएं संवाद के माध्यम से हल हो सकती हैं. आपको यह देखना होगा कि बांग्लादेश विश्व क्रिकेट में कहां खड़ा है और बांग्लादेश क्रिकेट का भविष्य क्या हो सकता है फिर उसी आधार पर निर्णय लेना चाहिए.
अपनी जिद्द पर अड़ा हुआ है बांग्लादेश
बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने स्थल बदलने के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राष्ट्रीय गौरव का हवाला दिया और सरकारी गलियारों में भारत विरोधी बढ़ती भावना को जारी रखा. बीसीबी और सरकार के बीच इस मुद्दे पर मतभेद दिखाई दे रहे हैं. अमिनुल इस्लाम बुलबुल के नेतृत्व वाला बीसीबी इस दृष्टिकोण से पूरी तरह सहमत नहीं है.
हम बीसीबी को एक स्वतंत्र संस्था मानते हैं. निश्चित रूप से सरकार बड़ी भूमिका जरूर निभाती है और उसके साथ चर्चा जरूरी है, लेकिन अगर हम बीसीबी को स्वतंत्र मानते हैं तो इसे अपने निर्णय लेने का अधिकार भी होना चाहिए. अगर बोर्ड किसी फैसले को सही मानता है तो उसे वह निर्णय लेना चाहिए. सार्वजनिक राय हमेशा अलग-अलग होगी. जब हम खेलते हैं, दर्शक भावनाओं से प्रभावित होकर कई बातें कहते हैं, लेकिन अगर आप उन सब के आधार पर निर्णय लेने लगेंगे तो इतनी बड़ी संस्था नहीं चला पाएंगे.
आज के फैसले का असर 10 साल तक पड़ेगा- तमीम इकबाल
तमीम इकबाल ने कहा, ‘आज के फैसले का असर अगले दस साल तक पड़ेगा इसलिए निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट और खिलाड़ियों के हित में लिया जाना चाहिए। यही मेरा व्यक्तिगत विचार है. अंतिम फैसला लेने और आंतरिक चर्चा पूरी करने के बाद ही उसे सार्वजनिक रूप से बताया जाना चाहिए. हर कदम सार्वजनिक रूप से बताने से अनावश्यक अस्थिरता पैदा होती है जो अभी हो रही है. अगर फैसला कल या एक हफ्ते बाद बदल जाता है तो आप अपने पहले दिए गए बयान कैसे समझाएंगे? जो भी अंतिम फैसला हो, मुझे उम्मीद है कि बांग्लादेश क्रिकेट के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी और फैसले से पहले बांग्लादेश क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखा जाएगा.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें