8 मैच, 721 रन… RCB के हीरो ने रचा इतिहास, पहली बार क्रिकेट इतिहास में हुआ ऐसा, सेमीफाइनल में टीम की एंट्री

8 मैच, 721 रन… RCB के हीरो ने रचा इतिहास, पहली बार क्रिकेट इतिहास में हुआ ऐसा, सेमीफाइनल में टीम की एंट्री


Vijay Hazare Trophy Devdutt Padikkal: भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने सोमवार (12 जनवरी) को रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया. वह विजय हजारे ट्रॉफी के एक से अधिक सीजन में 700 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए. उनकी पारी की बदौलत कर्नाटक ने मुंबई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. टूर्नामेंट के एक ही सीजन में सिर्फ पांच बल्लेबाज, मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, पडिक्कल, नारायण जगदीसन और करुण नायर 700 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं, लेकिन पडिक्कल अब यह कारनामा दो बार करने वाले अकेले खिलाड़ी बन गए हैं. वह आईपीएल में विराट कोहली के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में खेलते हैं.

कर्नाटक को यूं मिली जीत

2025-26 सीजन में इस मुकाम तक पहुंचने के लिए पडिक्कल को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में क्वार्टर फाइनल मैच में 60 रनों की जरूरत थी. उन्होंने कर्नाटक की पारी के 24वें ओवर में यह उपलब्धि हासिल की. कर्नाटक को वीजेडी मेथड से 55 रनों से विजेता घोषित किए जाने के बाद सेमीफाइनल में जगह मिली. बारिश और खराब रोशनी के कारण मैच जल्दी खत्म करना पड़ा. मेजबान टीम मुंबई के 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 33 ओवर में 187 रन पर 1 विकेट के साथ अच्छी स्थिति में थी.

Add Zee News as a Preferred Source


पडिक्कल और नायर की शानदार बैटिंग

जब खेल रोका गया तब पडिक्कल 95 गेंदों पर 81 रन बनाकर नाबाद थे. उस समय करुण नायर 80 गेंदों पर 74 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे. उनकी अटूट साझेदारी ने यह सुनिश्चित किया कि कर्नाटक जरूरी रन रेट से काफी आगे था. मयंक अग्रवाल 12 रन बनाकर आउट हो गए. इससे पहले कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया और मुंबई को 254 रन पर 8 विकेट पर रोक दिया. विद्याधर पाटिल ने तीन विकेट लेकर गेंदबाजी की अगुवाई की, जबकि विदवथ कावेरप्पा और अभिलाष शेट्टी ने दो-दो विकेट लिए.

ये भी पढ़ें: ‘मेरे से क्या लेना देना…’, बांग्लादेश में मुस्तफिजूर रहमान पर बवाल, गुस्से में मोहम्मद नबी ने रिपोर्टर की लगाई क्लास

मुलानी ने अकेले मुंबई को संभाला

शम्स मुलानी ने मुंबई के लिए ने 91 गेंदों पर 86 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों से ज्यादा समर्थन नहीं मिला. सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और ईशान मुलचंदानी ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े. इसके बाद मुलचंदानी 20 रन बनाकर आउट हो गए. मुशीर खान भी जल्द ही नौ रन बनाकर आउट हो गए. रघुवंशी रन बनाने की गति बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे थे और आखिरकार 50 गेंदों पर 27 रन बनाकर वैशाख की गेंद पर बोल्ड हो गए. हार्दिक तमोरे के एक रन पर आउट होने से मुंबई की मुश्किलें और बढ़ गईं. मुंबई के 15 ओवर में उनके 3 विकेट पर 57 रन थे. 

ये भी पढ़ें: IPL 2026 से ठीक पहले मिस्ट्री स्पिनर ने लिया संन्यास, KKR ने 2.4 करोड़ रुपये में लगाया था दांव

मुंबई किसी तरह 250 रन के पार पहुंचा

इसके बाद सिद्धेश लाड और मुलानी ने 76 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला. सिद्धेश लाड ने अभिलाष शेट्टी के हाथों आउट होने से पहले 38 रन बनाए, जबकि सूर्यांश शेडगे ने 16 रन जोड़े. विद्याधर पाटिल ने तनुष कोटियन को आउट करके अपने तीन विकेट पूरे किए और मुलानी आखिरकार पारी को संभालने के बाद अभिलाष शेट्टी के हाथों आउट हो गए. सिराज पाटिल और मोहित अवस्थी नाबाद रहे और मुंबई ने 8 विकेट पर 254 रन बनाए.



Source link