सिंगरौली जिले के बरका गांव में सरकारी राशन की दुकान से समय पर अनाज न मिलने पर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
.
अचानक सड़क जाम होने से आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी हुई और ट्रैफिक रुक गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें राशन के लिए बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं।
कोटेदार पर आरोप: “राशन आता है पूरा, पर हमें मिलता है अधूरा”
ग्रामीणों ने दुकान चलाने वाले दादूलाल सिंह पर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि कोटेदार सरकार से तो पूरा अनाज उठाता है, लेकिन हकदार परिवारों को समय पर राशन नहीं देता।
कई बार यह कहकर कार्डधारकों को लौटा दिया जाता है कि स्टॉक खत्म हो गया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गरीबों का राशन खुलेआम चोरी कर बाजार में बेचा जा रहा है।
पहले भी इस बारे में शिकायतें की गईं, लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
पुलिस के भरोसे पर खुला जाम: महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही भारी दिक्कत
सड़क जाम की खबर मिलते ही बरका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक नाराज ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खोला गया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है।
राशन न मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी गरीब मजदूरों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर दुकान संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अधिकारी बोले- जांच जारी है, शुरू कराया राशन का बंटवारा
इस पूरे मामले पर जब सहायक आयुक्त सहकारिता पीके मिश्रा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि वे खुद मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने माना कि ग्रामीणों की शिकायत है कि कई महीनों से मशीनों पर अंगूठा (फिंगर) लगवाने के बाद भी उन्हें अनाज नहीं दिया गया।
फिलहाल इस महीने का राशन बंटवाना शुरू कर दिया गया है। हालांकि, अधिकारी इस बात का साफ जवाब नहीं दे पाए कि अंगूठा लगने के बाद भी राशन आखिर गायब कहां हुआ। इसकी जांच की जा रही है।