Last Updated:
Bhind Murder News: भिंड के मेहगांव थाना क्षेत्र में पिता ने अपनी 21 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद मां ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद पिता को गिरफ्तार कर लिया गया. शव खेत से बरामद हुआ. जानें क्यों हुआ रिश्तों का कत्ल…
Bhind News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक पिता ने अपनी 21 वर्षीय शादीशुदा बेटी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. घटना मेहगांव थाना क्षेत्र के खेरिया थापक गांव की है. पुलिस ने आरोपी पिता मुन्नेश धानुक को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की शिकायत खुद मां ने पुलिस में दर्ज कराई थी.
जानकारी के अनुसार, मृतका युवती निधि का नवंबर में विवाह हुआ था, लेकिन दिसंबर में वह अपने पति के साथ बाजार घूमने के दौरान गायब हो गई. बाद में पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. दोनों साथ रह रहे थे. इस घटना से परिवार की बदनामी हुई थी. पिता को जब बेटी के प्रेमी संग रहने की खबर मिली, तो उसने सबक सिखाने की ठान ली.
मां ने की थाने में शिकायत
आरोपी पिता ने बेटी को घर वापस लाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उसने मंगलवार की शाम सरसों के खेत में उसे गोली मार दी. घटना के बाद बुधवार को पुलिस ने युवती का शव खेत से बरामद किया. मां ने मेहगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया था कि पति ने बदनामी के डर से बेटी की हत्या की है. पूछताछ में आरोपी पिता ने कबूल किया कि बेटी के भागने से परिवार की इज्जत पर बट्टा लगा था, इसलिए उसने यह कदम उठाया.
पुलिस ने कट्टा किया बरामद
पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किया गया कट्टा बरामद कर लिया गया है. आगे की जांच जारी है. पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम को निधि अपने पिता मुन्नेश से मिल आई थी. पिता उसे बहला-फुसलाकर गांव ले आया. रात में वह बेटी को गांव के बाहर सरसों के खेत में ले गया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. इस बात की जानकारी निधि की मां पूजा ने पुलिस को दी, जिसके बाद बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची.
11 दिसंबर को हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, खिरिया थापक गांव की रहने वाली निधि धानुक (21) की शादी 11 दिसंबर को ग्वालियर के गुड़ागुडी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी. 28 दिसंबर को वह पति के साथ ग्वालियर के महाराज बाड़ा गई थी. यहां 5 हजार रुपए की शॉपिंग करने के बाद उसने पति से पानी मांगा. पति पानी लेने गया, तभी वह गायब हो गई. इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें