सीधी में बाघ ने जबड़े से तोड़ा ट्रैप कैमरा: संजय टाइगर रिजर्व में दूसरे कैमरे में कैद हुई घटना – Sidhi News

सीधी में बाघ ने जबड़े से तोड़ा ट्रैप कैमरा:  संजय टाइगर रिजर्व में दूसरे कैमरे में कैद हुई घटना – Sidhi News




मध्यप्रदेश के संजय टाइगर रिजर्व से मंगलवार रात एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बाघों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए एक ट्रैप कैमरे को एक बाघ ने अपने जबड़े से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना पास में लगे दूसरे कैमरे में कैद हो गई, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर सामने आई है। वन विभाग ने ये कैमरे उस स्थान पर लगाए थे, जहां हाल ही में बाघ ने एक गाय का शिकार किया था। शिकार के बाद बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखना इसका मुख्य उद्देश्य था। बताया जा रहा है कि बाघ को कैमरे की मौजूदगी नागवार गुजरी। गुस्से में आकर उसने पास लगे कैमरे को अपने शक्तिशाली जबड़े से दबोच लिया। कुछ ही पलों में कैमरा टूटकर चूर-चूर हो गया। बाघ का दुर्लभ आक्रामक व्यवहार कैमरे में कैद इस घटना में बाघ का आक्रामक और दुर्लभ व्यवहार स्पष्ट रूप से कैद हुआ है। यह तस्वीर सामने आने के बाद जंगल प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। आमतौर पर बाघ कैमरों या ट्रैकिंग उपकरणों को नुकसान नहीं पहुंचाते, जिससे यह घटना और भी चौंकाने वाली है। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने इस मामले पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वायरल हो रही फोटो वास्तविक है। मिश्रा ने पुष्टि की कि गाय के शिकार स्थल पर निगरानी के लिए दो कैमरे लगाए गए थे। बाघ ने एक कैमरे को जबड़े से तोड़ दिया, जबकि दूसरी दिशा में लगे कैमरे में यह पूरा दृश्य रिकॉर्ड हो गया। एसडीओ मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि आज से पहले कभी किसी बाघ की ओर से इस तरह की प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि बाघों ने पहले कभी कैमरों या अन्य ट्रैकिंग उपकरणों को नुकसान नहीं पहुंचाया है।



Source link