गुना के नेशनल हाईवे बाईपास पर ‘दो खम्बा’ के पास बुधवार देर रात चलती कार पर अचानक नीलगाय ने छलांग लगा दी। नीलगाय कार का कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसी, जिससे मां की गोद में बैठी मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची के माता-पिता भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार मकर संक्रांति मनाने गांव जा रहा था। जानकारी के अनुसार, गुना निवासी सोनू जाट अपने परिवार के साथ कार से गुना से मगरदा जा रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे जैसे ही उनकी कार बाईपास स्थित ‘दो खम्बा’ के पास पहुंची, अचानक दौड़ती हुई दो नीलगाय सड़क पर आ गईं। इनमें से एक नीलगाय ने दौड़ते हुए सीधे कार के ऊपर लंबी छलांग लगा दी। सिर पर लगे नीलगाय के पैर छलांग लगाते ही नीलगाय कार का अगला शीशा फोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसी। उसके दोनों पैर मां की गोद में बैठी मासूम बच्ची तान्या के सिर पर जा लगे। प्रहार इतना जबरदस्त था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मकर संक्रांति की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। नीलगाय का भी चल रहा इलाज हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय समाजसेवी, गौ-सेवक और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल माता-पिता को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे में घायल हुई नीलगाय को भी वन विभाग ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
Source link