नरसिंहपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरी नाका गांव में एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रमोद मेहरा (30) पुत्र पतिराम मेहरा के रूप में हुई है, जो चावरा विद्यापीठ स्कूल में कार्यरत था। आत्महत्या से पहले प्रमोद ने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और न्याय की मांग की। वीडियो में प्रमोद ने बताया कि 8 तारीख को पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए थे। उसने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी पत्नी को वापस भेजने से इनकार कर रहे थे और कहा था कि “तू मर जाएगा तो भी हम नहीं आएंगे।” प्रमोद ने यह भी जिक्र किया कि उसकी दो बेटियां हैं, जिन्हें भी उसके पास नहीं भेजा जा रहा था। उसने अपने साले सोहन, ससुर, जेठ-सास और जीतू नामक व्यक्ति पर उसे उकसाने और उसका घर तोड़ने का आरोप लगाया। मंगलवार को गया था ससुराल मृतक की मां कुसुम बाई ने जानकारी दी कि मंगलवार को प्रमोद अपनी पत्नी को लेने ससुराल बगासपुर गया था। वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और पत्नी ने उसके साथ आने से इनकार कर दिया। बुधवार रात करीब 9 बजे प्रमोद ससुराल से लौटा। परिवार पिपसरा गांव में था, तभी छोटे बेटे ने फोन कर बताया कि प्रमोद ने फांसी लगा ली है। परिजन तुरंत खैरी नाका स्थित घर पहुंचे, जहां प्रमोद पलंग पर मृत पाया गया। पुलिस पहले ही मौके पर मौजूद थी, जिसके बाद शव को जिला अस्पताल ले जाया गया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Source link