सतना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन इलाज के लिए जबलपुर ले गए हैं। यह घटना प्लेटफार्म नंबर एक पर शाम करीब 5 बजे हुई। हावड़ा से मुंबई जाने वाली ट्रेन संख्या 12321 मेल एक्सप्रेस प्लेटफार्म एक पर प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान कुआं सुहास निवासी 25 वर्षीय शिवा चतुर्वेदी (पिता मनोज चतुर्वेदी) हड़बड़ाहट में प्लेटफार्म एक से पटरी पार कर प्लेटफार्म दो की ओर जा रहा था। पटरी पार करते समय शिवा प्रयागराज एंड की तरफ ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका दाहिना पैर एड़ी के ऊपर से कटकर अलग हो गया। प्लेटफार्म पर चीख-पुकार मच गई। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने ट्रेन के रवाना होने के बाद घायल शिवा को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रीवा रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर ले गए। रेलवे पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
Source link