छिंदवाड़ा में अग्नि सुरक्षा नियमों में लापरवाही: फायर ऑफिसर का निरीक्षण; कामठी मोटर्स, M पटेल मार्ट और उमंग टॉवर में मिली लापरवाही – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में अग्नि सुरक्षा नियमों में लापरवाही:  फायर ऑफिसर का निरीक्षण; कामठी मोटर्स, M पटेल मार्ट और उमंग टॉवर में मिली लापरवाही – Chhindwara News




छिंदवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी का मामला सामने आया है। नगर निगम के फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे ने शहर की प्रमुख व्यावसायिक संस्थाओं में अचानक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान कई ऐसी लापरवाहियां उजागर हुईं, जो न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा भी बन सकती हैं। निरीक्षण के दौरान कामठी मोटर्स, एम. पटेल मार्ट और उमंग टॉवर में अग्नि सुरक्षा मानकों का खुलेआम उल्लंघन पाया गया। मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं को देखकर फायर ऑफिसर ने संबंधित संचालकों को कड़ी फटकार लगाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों के अनुसार, इन संस्थानों में आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जबकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन का आवागमन रहता है। सबसे गंभीर स्थिति नागपुर रोड स्थित कामठी मोटर्स में सामने आई। जांच में पाया गया कि यहां बिना फायर एनओसी और बिना स्वीकृत फायर प्लान के तीन बड़ी व्यावसायिक इकाइयों का संचालन किया जा रहा है। इनमें मारुति नेक्सा शोरूम, मारुति एरिना शोरूम और कामठी मोटर्स सर्विस सेंटर (सिवनी रोड) शामिल हैं। नियमों के अनुसार इतने बड़े प्रतिष्ठानों का संचालन अग्नि सुरक्षा अनुमति के बिना करना स्पष्ट रूप से कानून का उल्लंघन है। निरीक्षण में बंद मिले सुरक्षा उपकरण निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि इन संस्थानों में लगाए गए अग्नि सुरक्षा उपकरण या तो पूरी तरह बंद पाए गए या फिर कार्यशील स्थिति में नहीं थे। फायर अलार्म सिस्टम, फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति बेहद खराब पाई गई, जो किसी भी आपात स्थिति में गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसके अलावा फायर पंप और पानी की टंकी की व्यवस्था भी स्वीकृत फायर प्लान के अनुरूप नहीं पाई गई, जिससे आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण बेहद मुश्किल हो सकता है। आयुक्त सीपी राय ने बताया कि संबंधित संस्थानों द्वारा वार्षिक फायर ऑडिट नहीं कराया गया था, जो कि अनिवार्य है। साथ ही, कर्मचारियों को आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए किसी प्रकार का प्रशिक्षण या मॉक ड्रिल भी नहीं कराई गई थी। यह लापरवाही उन स्थानों पर और अधिक गंभीर मानी जा रही है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक और आम नागरिक आते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया है। निगम आयुक्त सीपी राय का कहना है कि जिन स्थानों पर आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है, वहां किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कामठी मोटर्स सहित अन्य संबंधित संस्थानों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।



Source link