- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Corporation’s Water Supply System On Ventilator For 20 Years, 40% Of The Staff Mostly Untrained
भोपाल13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कोलार पाइप लाइन पर अतिक्रमण
- पाइपलाइन की मॉनिटरिंग की कोई व्यवस्था ही नहीं, पुरानी हो चुकीं लाइनों में आए दिन हो रहे लीकेज
- तीन साल से चल रहा पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम कब पूरा होगा, अभी कुछ भी तय नहीं
जिस जगह पर शनिवार रात कोलार पाइपलाइन फूटी, वहां पहले छोटा लीकेज था। तापमान बढ़ने से कॉलर का ज्वाइंट पाइप ऊपर की तरफ से खुल गया। कोलार फिल्टर प्लांट से अरेरा हिल्स तक 21.50 किमी लंबी 5 फीट (150 सेमी) डायमीटर की इस पाइपलाइन में प्रेशर इतना अधिक होता है कि आदमी भी उछलकर गिर जाए। 1988 में बिछी इस पाइपलाइन से 1989 में सप्लाई शुरू हुई। तकनीकी भाषा में प्री स्ट्रेस्ड कांक्रीट (पीएससी) की इस पाइप लाइन की उम्र अधिकतम 30 साल होती है।
1998-99 में पाइप लाइन बदलने और क्षमता बढ़ाने का एक प्रोजेक्ट बना था, जो ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद 2017 में पाइप लाइन शिफ्टिंग शुरू हुई, लेकिन वह कब पूरी होगी, कहना मुश्किल है। 20 सालों में पूरा सिस्टम ही वेंटिलेटर पर है। नगर निगम 40 प्रतिशत स्टाफ से काम कर रहा है और उसमें भी ज्यादातर अनट्रेंड हैं। एक असिस्टेंट इंजीनियर कोलार और नर्मदा दोनों के प्रभारी हैं।
अब तक पूरा नहीं हुआ डेढ़ साल का काम- मार्च से तो पाइपलाइन बदलने का काम ही बंद है
2017 में पाइपलाइन बदलने का काम शुरू हुआ। इसे डेढ़ साल में पूरा हो जाना था, लेकिन यह कब पूरा होगा, यह कहना मुश्किल है। 21.50 किमी लंबी 60 इंच व्यास वाली पाइपलाइन में से ढाई किमी लाइन बदलना शेष है। लेकिन मार्च से यह काम बंद पड़ा है। सात महीने में एक भी पाइप इस लाइन में नहीं बिछाया।
दिक्कत…अब तक नहीं सुलझा 400 मीटर जमीन का विवाद
कोलार में जहां लाइन का रूट बदला गया है, वहां करीब 400 मीटर पाइप बिछाने में निजी जमीन का विवाद अब तक नहीं सुलझा है। नगर निगम मुआवजा देने को तैयार हो गया, लेकिन अधिग्रहण की कार्रवाई नहीं हो रही।
कोलार लाइन… लीकेज बरकरार, 5वें दिन भी सप्लाई बाधित रही
सीवेज लाइन बिछाने के लिए कोलार रोड पर चल रही खुदाई में केरवा प्रोजेक्ट की पाइप लाइन में हुआ लीकेज मंगलवार को भी नहीं सुधारा जा सका। नतीजा- कोलार क्षेत्र में मंगलवार को लगातार 5वें दिन कई काॅलोनियों में पानी सप्लाई नहीं हुआ।
चूनाभट्टी में पाइप बदला, आज पानी का दबाव कम रहेगा
36 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजे चूनाभट्टी में फूटे पाइप को बदला जा सका। लेकिन पौने तीन बजे बिजली गुल हो गई और 4 बजे तक बिजली बंद रही। ऐसे में रात 10 बजे तक अरेरा हिल्स पर पानी पहुंचा। बुधवार को भी कम दबाव रहना तय है।