New Zealand T20I Squad Against India: एकदिवसीय सीरीज के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की T20I शृंखला का आगाज होने वाला है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नजरिए से देखें तो ये 5 मुकाबले टीम इंडिया के लिए काफी अहम हैं. वहीं, ब्लैक कैप्स भी मेगा इवेंट से पहले पूरी ताकत को आजमाने के लिए कमर कस चुकी है. बुधवार, 21 जनवरी को नागपुर में होने वाले मैच से पहले न्यूजीलैंड की टीम में बड़ा बदलाव हुआ है.
हाल ही में भारत के खिलाफ वडोदरा में हुए मुकाबले में वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को अब टी20 टीम में भी शामिल कर लिया गया है. क्लार्क ने भारत दौरे पर कमाल का प्रदर्शन किया है. उन्होंने अब तक सिर्फ 3 मुकाबले खेले हैं और उसमें दो बार स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को और एक बार रोहित शर्मा को शिकार बनाया.
न्यूजीलैंड की टीम में घातक गेंदबाज की एंट्री
ODI सीरीज में कोहली-रोहित सहित भारतीय बल्लेबाजों के नाक में दम करने वाले क्रिस्टियन क्लार्क अब टी20 में सूर्या एंड कंपनी की टेस्ट लेने के लिए तैयार हैं. गेंद के साथ दमदार प्रदर्शन के अलावा वो बैटिंग में भी तेज तर्रार रन बनाने का दम रखते हैं. न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि क्लार्क को मुख्य रूप से कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है क्योंकि वे अपने तेज गेंदबाजी समूह के वर्क लोड मैनेजमेंट का भी ख्याल रखना चाहते हैं.
ब्लैक कैप्स के कोच ने कहा, ”इस समय हमारे यहां खिलाड़ियों की काफी आवाजाही हो रही है, कुछ खिलाड़ी चोट से उबरकर इस सीरीज के लिए वापस आ रहे हैं, कुछ फ्रेंचाइजी क्रिकेट से सीधे हमारे साथ जुड़ रहे हैं और बाकी खिलाड़ी भारत वनडे सीरीज और सुपर स्मैश से आ रहे हैं. हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस सीरीज के पहले तीन मैचों के लिए हमारे पास पर्याप्त तेज गेंदबाजी विकल्प हों और क्रिस्टियन के लिए भारत के अपने पहले दौरे पर टीम के साथ थोड़ा और समय बिताने का यह एक शानदार अवसर है.”
भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, ज़ैक फाउल्क्स, मैट हेनरी, काइल जेमिसन,बेवन जैकब्स, डेरेल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, टिम रॉबिन्सन, इश सोढ़ी और क्रिस्टियन क्लार्क (शुरुआती 3 मैचों के लिए)
ये भी पढ़ें: बदले की आग में जल रहे गंभीर, इन 3 खिलाड़ियों पर लगाएंगे दांव, T20I सीरीज में न्यूजीलैंड को देंगे गहरा घाव!