डूंडासिवनी थाना पुलिस ने दोपहर के समय वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपS है। यह कार्रवाई शहर में बढ़ती वाहन चोरी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक चैनसिंह उइके ने बताया कि नियमित वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चलाते देखा। संदेह होने पर उसे रोका गया और वाहन के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान कटंगी नाका निवासी वंशज पिता अनिल कुमार ठाकुर (23) के रूप में बताई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी वंशज ने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (क्रमांक एमपी 22 एमए 5127) और एक अन्य मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 51 एमवी 1346) शामिल हैं। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपS है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उससे यह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है कि वह किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा है या नहीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने पहले कितनी अन्य वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी चैनसिंह उइके ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी श्रद्धा सोनकर के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह गिरफ्तारी इसी अभियान का हिस्सा है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक चैनसिंह उइके के साथ सहायक उपनिरीक्षक निसार खान, प्रधान आरक्षक रणजीत पटले, आरक्षक संजय यादव, नितेश राजपूत, कृष्णकुमार भालेकर, अनुराग दुबे, केसरीनंदन ऐडे, रवि धुर्वे और अखिलेश माहोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link