धार की भोजशाला में 23 जनवरी को बसंत पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। इसे देखते हुए पूरे धार जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर सादलपुर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने मंगलवार को संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और RAF के जवान मौजूद रहे। मार्च प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। सादलपुर थाना प्रभारी सविता चौधरी ने बताया कि बसंत पंचमी के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Source link